करंट लगने से युवक की मौत: बहन को बीएड परीक्षा परीक्षा दिलाने आया था भाई, बारिश से बचने को रुके थे पोल के नीचे

बीएड की अंतिम परीक्षा दिलाने बहन को लेकर गोंडा पहुंचे युवक की मंगलवार सुबह दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। कॉलेज परिसर के बाहर हल्की बारिश से बचने के लिए स्ट्रीट लाइट के पास खड़े होने के दौरान वह करंट की चपेट में आ गया। उसे बचाने की कोशिश में बहन भी गंभीर रूप से झुलस गई। घायल युवती का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने बॉडी कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दे दी है। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान बहराइच जिले के हुजूरपुर थाना क्षेत्र के बगड़वा गांव निवासी 24 वर्षीय विमल, पुत्र श्रीकांत, के रूप में हुई है। वह अपनी 20 वर्षीय बहन प्राची को बीएड की अंतिम परीक्षा दिलाने के लिए मंगलवार सुबह गोंडा आया था। दोनों सुबह करीब 8:30 बजे लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय पहुंचे थे। इसी दौरान हल्की बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए दोनों महाविद्यालय के सामने स्थित मॉडल वेंडिंग जोन के पास नगर पालिका की स्ट्रीट लाइट के नीचे खड़े हो गए। बताया जा रहा है कि स्ट्रीट लाइट में पहले से करंट उतर रहा था। जैसे ही विमल उसके संपर्क में आया, वह करंट की चपेट में आ गया।
भाई को बचाने में बहन भी हुई घायल
भाई को तड़पता देख प्राची उसे बचाने के लिए आगे बढ़ी। लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गई। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह दोनों को अलग किया। गंभीर रूप से घायल प्राची को तत्काल गोंडा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि करंट लगने से युवक की मौत हो गई है। वहीं, उसकी बहन घायल है। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









