उड़ान के दौरान ट्रेनी विमान गिरा: महिला प्रशिक्षु पायलट घायल, संतुलन बिगड़ने से तारों से टकराया एयरक्राफ्ट

कासगंज में सोमवार दोपहर एक प्रशिक्षण विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में विमान उड़ा रही 27 वर्षीय महिला प्रशिक्षु पायलट घायल हो गई। जिन्हें प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए आगरा रेफर किया गया। विमान हाईवे किनारे गिरने से बड़ा हादसा टल गया। पुलिस, प्रशासन और विमानन एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, अलीगढ़ स्थित डीजीसीए से मान्यता प्राप्त चेतक एविएशन फ्लाइंग ट्रेनिंग अकादमी से प्रशिक्षु पायलट कायनात ने सोमवार दोपहर धनीपुर हवाई पट्टी से प्रशिक्षण उड़ान भरी थी। विमान में वह अकेली थीं। जानकारी के अनुसार, पुलिस लाइन के पीछे निर्माणाधीन छह लेन हाईवे के ऊपर उड़ान के दौरान अचानक विमान का संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद एयरक्राफ्ट बिजली के तारों से टकराते हुए हाईवे किनारे जा गिरा।
हादसे में विमान पूरी तरह क्षतिग्रस्त
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। घायल पायलट को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए आगरा रेफर कर दिया गया। विमान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय आसपास मौजूद लोगों और गुजर रहे वाहनों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
तकनीकी पहलुओं की होगी जांच
हादसे के बाद दुर्घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। इसे नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। चेतक एविएशन के मेंटेनेंस मैनेजर केजे धीमन भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के कारणों पर अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी। प्रशासन का कहना है कि तकनीकी खराबी समेत सभी संभावित पहलुओं की विस्तृत जांच की जाएगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









