गाजियाबाद में नेशनल खिलाड़ी की बालकनी से गिरकर की मौत: कपड़े उतारने में बिगड़ा संतुलन, दो दिन पहले रोप स्किपिंग में जीतकर आई थी दो गोल्ड मेडल

गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया हैं। जहां राजनगर रेजीडेंसी सोसायटी की 12वीं मंजिल से गिरकर 14 वर्षीय नेशनल खिलाड़ी प्राची राजपूत की मौत हो गई। प्राची सिर्फ दो दिन पहले ही महाराष्ट्र के शिरडी में आयोजित सीबीएसई नेशनल रोप स्किपिंग (रस्सी कूद) चैंपियनशिप में दो गोल्ड मेडल जीतकर लौटी थी। यह दर्दनाक हादसा शुक्रवार (25 सितंबर 2026) की रात करीब 9 बजे उस समय हुआ जब वह बालकनी में सूख रहे कपड़े उतारने गई थी और अचानक संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गई।
पुलिस और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, प्राची संजय नगर स्थित देहरादून पब्लिक स्कूल में कक्षा नौ की छात्रा थी। शुक्रवार की रात वह अपने फ्लैट की बालकनी में सूख रहे कपड़े लेने के लिए गई थी। आशंका जताई जा रही है कि कपड़े उतारने के दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह 12वीं मंजिल से सीधे नीचे जा गिरी। तेज आवाज सुनकर सोसायटी के सुरक्षाकर्मी और अन्य लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल प्राची को आनन-फानन में संजय नगर स्थित यशोदा अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के समय घर पर प्राची की मां, छोटी बहन और दादा-दादी मौजूद थे, जबकि उसके पिता सुरेश चंद जो एक मल्टीनेशनल कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं और काम के सिलसिले में बाहर थे।
मातम में बदली गोल्ड मेडल की खुशियां
प्राची पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में बेहद प्रतिभाशाली थी। उसने 17 से 21 सितंबर तक महाराष्ट्र में आयोजित नेशनल चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए 'डबल डच पेयर फ्री स्टाइल' और 'डबल डच सिगल फ्री स्टाइल' दोनों ही श्रेणियों में स्वर्ण पदक अपने नाम किए थे। दो दिन पहले ही पदक जीतकर घर लौटने पर पूरा परिवार जश्न के माहौल में था, लेकिन इस हादसे ने खुशियों को पल भर में मातम में बदल दिया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही नंदग्राम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला बालकनी से दुर्घटनावश गिरने का लग रहा है। हालांकि, पुलिस सोसायटी के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और हर एंगल से मामले की बारीकी से जांच कर रही है।










