गाजियाबाद में खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में लगी आग: जिंदा जली किशोरी, बचाने के दौरान पिता भी झूलसे

गाजियाबाद के कौशांबी थाना क्षेत्र के भौवापुर गांव में एक दर्दनाक हादसा हो गया। चौथी मंजिल पर खाना बनाते समय अचानक सिलेंडर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। जान बचाने के लिए परिवार के सदस्य बालकनी की ओर भागे। इसी बीच 15 साल की किशोरी कमरे के अंदर फंस गई।बेटी को आग की लपटों में घिरा देख कर पिता उसे बचाने के लिए कमरे में जा पहुंचे। इसी कोशिश में पिता पुत्री दोनों बुरी तरह से आग में झुलस गए।
दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां, इलाज के दौरान बेटी की मौत हो गई जबकि पिता की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना की सूचना 112 पर दी गई। सूचना मिलते ही कौशांबी पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। घटना के बाद से इलाके में शोक का माहौल है।
किराए के मकान में रहता था परिवार
पुलिस और फायर विभाग की जांच में सामने आया कि सुल्तानपुर निवासी गुड्डू पुत्र राजाराम करण परिवार के साथ भौवापुर में किराए के मकान की चौथी मंजिल पर रहते हैं। रात में परिवार खाना बना रहा था। इसी दौरान सिलेंडर से गैस लीक होने अचानक आग लग गई। गुड्डू, उनकी पत्नी और बेटा किसी तरह बालकनी में निकल गए। उनकी 15 साल की बेटी कमरे के अंदर फंस गई। बेटी को बचाने के लिए गुड्डू कमरे में पहुंचे गए। इस दौरान वह भी आग की चपेट में आ गए और झुलस गए।
पिता की हालत खतरे से बाहर
पुलिस और फायर टीम ने दोनों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने इलाज के दौरान किशोरी को मृत घोषित कर दिया। गुड्डू की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
मामले की जांच कर रही पुलिस
एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि शुरुआती जांच में गैस लीक होने के कारण सिलेंडर में आग लगने की बात सामने आई है। घटना के संबंध में कौशांबी थाने में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।










