गाजियाबाद में सड़क पर पलटने से कार में लगी आग: डंपर ने मारी थी टक्कर, लोगों को सुरक्षित निकाला गया बाहर

गाजियाबाद के ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जिसमें मीरपुर हिंदू डंपिंग ग्राउंड के बाहर एक तेज रफ्तार डंपर ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सड़क पर पलट गई और देखते ही देखते उसमें भीषण आग लग गई। गनीमत रही कि कार में आग का गोला बनने से पहले ही, मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए कार में फंसे लोगों को समय रहते बाहर निकाल दिया।
पुलिस के मुताबिक, डंपर की टक्कर से कार सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। इसके कुछ देर बाद पलटी हुई कार में अचानक आग लग गई। सूचना पर लोनी से दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। आग इतनी तेज थी कि कार पूरी तरह जलकर राख हो गई। हालांकि, समय रहते कार सवारों को बाहर निकाल लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया। हादसे में घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
डंपर चालक की तलाश कर रही पुलिस
घटना के बाद डंपर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना पर ट्रोनिका सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच की। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि डंपर की टक्कर के बाद कार पलटी और इसके बाद उसमें आग लगी। पुलिस फरार डंपर चालक की तलाश कर रही है।










