लखीमपुर खीरी में ढहा कच्चा मकान: दिवार के नीचे दबने से पति-पत्नी और बेटे की मौत, मूसलाधार बारिश बनी हादसे की वजह

लखीमपुर खीरी में एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। पिछले कई दिनों से हो रही लगातार मूसलाधार बारिश के चलते एक कच्चे मकान की दीवार भरभराकर ढह गई। हादसे में चारपाई पर सो रहे एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मलबे के नीचे दबने से मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनका एक मासूम बेटा शामिल है। घटना के बाद से पूरे गांव में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, घटना नीमगांव थाना क्षेत्र के सिकंद्राबाद पुलिस चौकी अंतर्गत आने वाले रहमतपुर गांव की है। गांव के निवासी मोहन कश्यप (50 वर्ष) अपनी पत्नी कविता (48 वर्ष) और छोटे बेटे मोनू (12 वर्ष) के साथ एक कच्चे मकान में रह रहे थे। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण मकान की कच्ची दीवारें पूरी तरह कमजोर और जर्जर हो चुकी थीं। तड़के करीब तीन बजे जब पूरा परिवार गहरी नींद में सो रहा था, तभी अचानक दीवार और छप्पर जोरदार आवाज के साथ गिर गए। दीवार सीधे उनकी चारपाई पर जा गिरी, जिससे तीनों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वे मलबे में बुरी तरह दब गए।
मलबे में देर तक दबे रहने से हो चुकी थी मौत
मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के पड़ोसी और ग्रामीण तुरंत मौके की तरफ भागे। मलबे के नीचे दबे लोगों को निकालने के लिए ग्रामीणों ने तुरंत अपने स्तर पर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही नीमगांव थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों और पुलिस की कड़ी मशक्कत के बाद मलबे को हटाया गया और तीनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और तीनों दम तोड़ चुके थे।
एक ही झटके में खत्म पूरा परिवार
एक ही झटके में पूरा परिवार खत्म हो जाने से गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना पर मितौली के उपजिलाधिकारी और राजस्व विभाग की टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना किया है।पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।










