कानपुर में तीन बदमाश मुठभेड़ में अरेस्ट: दो के पैर में लगी गोली, महिला से की थी टप्पेबाजी

कानपुर|1 घंटा पहले
दो के पैर में लगी गोली, महिला से की थी टप्पेबाजी

पति और बेटे की हत्या का भय दिखाकर महिला से टप्पेबाजी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के तीन बदमाशों को गुजैनी पुलिस ने मुठभेड़ के बाद अरेस्ट कर लिया। बनपुरवा-फत्तेपुर मार्ग पर हुई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस पर फायरिंग करने पर जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी। वहीं, तीसरे आरोपी को पीछा कर दबोच लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई ज्वेलरी, अवैध तमंचे और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद की है।

डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नौबस्ता के बुढ़पुर मछरिया निवासी मोहम्मद अकरम, जावेद अख्तर उर्फ चिकना और चांदबाबू उर्फ ढल्ला के रूप में हुई है। पुलिस को सूचना मिली थी कि तीनों बदमाश क्षेत्र में किसी वारदात की फिराक में घूम रहे हैं। घेराबंदी कर उन्हें रोकने का प्रयास किया गया तो आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में मोहम्मद अकरम और जावेद अख्तर के दाहिने पैर में गोली लगी। दोनों को इलाज के लिए हैलट अस्पताल भेजा गया। तीसरा आरोपी चांदबाबू भाग निकला। लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे भी अरेस्ट कर लिया।

पति-बेटे की हत्या का डर दिखाकर लूटे थे जेवर

पुलिस के अनुसार 21 जून को गुजैनी थाने से करीब 200 मीटर दूर रविदासपुरम निवासी बिंदन देवी को तीनों आरोपियों ने निशाना बनाया था। महिला जब बर्रा-8 स्थित अपनी ननद के घर से लौट रही थीं, तभी गोविंद स्वीट हाउस के पास बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने मोबाइल पर उनके पति और बेटे की तस्वीर दिखाकर उनकी हत्या का भय पैदा किया और पहले मंगलसूत्र तथा पर्स में रखे 600 रुपये ले लिए। इसके बाद चाकू के बल पर महिला को बाइक से उसके घर तक ले जाया गया। जहां दहशत में आकर उसने घर में रखे सोने-चांदी के जेवर भी बदमाशों के हवाले कर दिए।

कई जिलों में दर्ज हैं आपराधिक मामले

घटना के बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी थी। डीसीपी ने बताया कि तीनों आरोपी शातिर अपराधी हैं और गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई का सामना कर चुके हैं। इनके खिलाफ कानपुर के अलावा हमीरपुर, जालौन और कासगंज सहित कई जिलों में गंभीर आपराधिक केस दर्ज हैं। पुलिस अब इनके आपराधिक नेटवर्क और अन्य वारदातों की भी जांच कर रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।