विवाहिता ने इलाज के दौरान तोड़ा दम: पति ने हथौड़े से किया था जानलेवा वार, चार नामजद आरोपी फरार

उत्तरप्रदेश|2 घंटे पहले
पति ने हथौड़े से किया था जानलेवा वार, चार नामजद आरोपी फरार

बनकटा थाना क्षेत्र में पति के हथौड़े से गंभीर रूप से घायल हुई विवाहिता की गोरखपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला की मृत्यु के बाद पुलिस ने दर्ज केस में दहेज हत्या समेत अन्य संबंधित धाराएं जोड़ दी हैं। इससे पहले आरोपी पति के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर उसे अरेस्ट कर जेल भेजा जा चुका है। अब पुलिस मामले में नामजद चार अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस के अनुसार बनकटा थाना क्षेत्र के दास नरहिया गांव निवासी कुंदन कुमार जायसवाल की शादी करीब छह वर्ष पहले देवरिया कोतवाली क्षेत्र के अगस्तपार गांव की रहने वाली करीना से हुई थी। आरोप है कि 26 जून की रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान कुंदन ने लोहे के हथौड़े से पत्नी के सिर पर वार कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटा ले गए। जहां से चिकित्सकों ने महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज, देवरिया रेफर कर दिया। हालत में सुधार नहीं होने पर उसे गोरखपुर भेजा गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

परिजनों ने की सख्त कार्रवाई की मांग

मृतका की मां संगीता देवी ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि विवाह के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने पति कुंदन जायसवाल के अलावा रवि जायसवाल, राजकुमार, कुसुम देवी और सास पर दहेज उत्पीड़न और हत्या का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।

आरोपी पति गिरफ्तार

बनकटा थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मौर्य ने बताया कि घटना के अगले दिन 27 जून को आरोपी पति के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर उसे अरेस्ट कर जेल भेज दिया गया था। विवाहिता की मौत के बाद मामले में दहेज हत्या सहित अन्य प्रासंगिक धाराएं बढ़ा दी गई हैं।

फरार आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस के अनुसार मामले में नामजद चार अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, चिकित्सीय साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में नियमानुसार अगली कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।