लविवि में 28वें दिन भी छात्रों का आंदोलन जारी: फीस वृद्धि-निष्कासन वापसी की मांग, न्याय मिलने तक धरना जारी रखने का ऐलान

उत्तरप्रदेश|1 घंटा पहले
फीस वृद्धि-निष्कासन वापसी की मांग, न्याय मिलने तक धरना जारी रखने का ऐलान

लखनऊ यूनिवर्सिटी में फीस वृद्धि और छात्र नेताओं पर की गई अनुशासनात्मक कार्रवाई के विरोध में छात्रों का अनिश्चितकालीन धरना 28वें दिन भी जारी रहा। निष्कासित छात्रों की बहाली, फीस वृद्धि वापस लेने और छात्रसंघ चुनाव बहाल करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलनरत छात्रों ने स्पष्ट कहा कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक धरना जारी रहेगा। लगातार चल रहे इस आंदोलन के कारण यूनिवर्सिटी परिसर में छात्र गतिविधियां भी चर्चा का विषय बनी हुई हैं।

धरने के दौरान निष्कासित छात्र नेता प्रेम प्रकाश की तबीयत कुछ दिन पहले बिगड़ गई थी। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। स्वास्थ्य में सुधार होने पर वह दोबारा धरना स्थल पर पहुंचे। उनके वापस आंदोलन में शामिल होने से प्रदर्शन कर रहे छात्रों का मनोबल बढ़ा। इस दौरान प्रेम प्रकाश ने कहा कि छात्र अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं। किसी भी दबाव में पीछे हटने वाले नहीं हैं। उनका कहना था कि अन्याय के खिलाफ यह संघर्ष तब तक जारी रहेगा, जब तक न्याय नहीं मिल जाता।

इन मांगों पर अड़े हैं छात्र

धरना दे रहे छात्रों का कहना है कि यूनिवर्सिटी प्रशासन छात्रहितों से जुड़े मुद्दे उठाने वालों पर कार्रवाई कर रहा है, जो उचित नहीं है। छात्रों ने अपनी प्रमुख मांगों में निष्कासित छात्र नेताओं की तत्काल बहाली, निलंबन एवं अर्थदंड की कार्रवाई वापस लेने, हाल में की गई फीस वृद्धि रद्द करने, छात्रसंघ चुनाव बहाल करने, यूनिवर्सिटी परिसर से पुलिस व्यवस्था हटाने और आंदोलन के लिए स्थायी धरना स्थल और वॉल पेंटिंग की अनुमति देने की मांग दोहराई है।

कार्रवाई के विरोध में शुरू हुआ था आंदोलन

गौरतलब है कि यूनिवर्सिटी प्रशासन ने दो जून से पहले कुलपति की गाड़ी रोकने और विरोध प्रदर्शन से जुड़े मामलों में छह छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की थी। इनमें तीन छात्र नेताओं को निष्कासित और एक छात्र को निलंबित किया गया था। इसी कार्रवाई के विरोध में दो जून से छात्रों ने यूनिवर्सिटी परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया था। तब से लगातार आंदोलन जारी है। छात्र संगठन प्रशासन से कार्रवाई वापस लेने की मांग कर रहे हैं।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।