हाईस्कूल टॉपर की राप्ती नदी में डूबकर मौत: छह घंटे के सर्च ऑपरेशन के बाद मिली बॉडी, मां ने दोस्तों पर लगाया आरोप

उत्तरप्रदेश|5 घंटे पहले
छह घंटे के सर्च ऑपरेशन के बाद मिली बॉडी, मां ने दोस्तों पर लगाया आरोप

झंगहा थाना क्षेत्र में राप्ती नदी में नहाने गए हाईस्कूल टॉपर छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में डूबकर मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। मृत छात्र की पहचान अंश मौर्या (16) के रूप में हुई है। अंश ने हाल ही में हाईस्कूल परीक्षा में 91 प्रतिशत अंक हासिल कर अपने स्कूल में टॉप किया था। छात्र की मां ने उसके दोस्तों पर ईर्ष्या के चलते हत्या कर बॉडी नदी में फेंकने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले को संवेदनशील मानते हुए जांच तेज कर दी है। मृतक के पांचों दोस्तों से पूछताछ की जा रही है।

महेवा निवासी राम प्रवेश मौर्या पंजाब में टाइल्स कांट्रैक्टर हैं। उनकी पत्नी प्रतिमा मौर्या अपने बच्चों के साथ झंगहा क्षेत्र स्थित मायके में रहकर बच्चों की पढ़ाई कराती थीं। अंश अपने पांच दोस्तों के साथ घर से निकला था। परिजनों के अनुसार शाम करीब तीन बजे सूचना मिली कि अंश राप्ती नदी में डूब गया है। सूचना मिलते ही परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंचे तो नदी किनारे अंश के कपड़े और चप्पल पड़े मिले, जबकि उसके साथ गए दोस्त वहां से गायब थे। इसके बाद परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

देर रात तक चलता रहा रेस्क्यू ऑपरेशन

सूचना पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने देर शाम तक नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया। अंधेरा बढ़ने के कारण अभियान रोकना पड़ा। शुक्रवार सुबह सात बजे दोबारा तलाशी अभियान शुरू किया गया। करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर एक बजे अंश की बॉडी नदी से बरामद हुई। बेटे की बॉडी देखते ही मां प्रतिमा मौर्या बेसुध होकर रोने लगीं। छोटे भाई अरुष का भी रो-रोकर बुरा हाल था। घटना की सूचना मिलने के बाद पिता भी पंजाब से रवाना हो गए।

मौके से फरार दोस्त

मां प्रतिमा मौर्या ने आरोप लगाया कि अंश पढ़ाई में बेहद मेधावी था और स्कूल में टॉपर बनने के कारण कुछ दोस्त उससे जलते थे। उनका कहना है कि बेटे को योजनाबद्ध तरीके से नदी में डुबोकर मारा गया। परिजनों का आरोप है कि यदि यह महज हादसा होता तो उसके दोस्त मौके से फरार नहीं होते। वहीं पुलिस सूत्रों के मुताबिक पूछताछ के दौरान दोस्तों के बयान भी एक-दूसरे से मेल नहीं खा रहे हैं।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने बताया कि दोस्तों ने पूछताछ में दावा किया है कि अंश कपड़ों सहित नदी में उतर गया था और गहराई में जाने के बाद डूबने लगा। उनका कहना है कि उन्होंने बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। हालांकि पुलिस को छात्र के कपड़े झाड़ियों से बरामद हुए हैं, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है। झंगहा थाना प्रभारी अनूप सिंह ने बताया कि बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने और तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।