लखीमपुर में सीओ की बोलेरो ने बाइक को मारी टक्कर: हादसे में मामा-भांजे की मौत, थाना दिवस में जा रहे थे CO

उत्तरप्रदेश|59 मिनट पहले
हादसे में मामा-भांजे की मौत, थाना दिवस में जा रहे थे CO

लखीमपुर खीरी जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में मामा-भांजे की जान चली गई। मोहम्मदी थाना क्षेत्र में सीओ की सरकारी बोलेरो और बाइक की आमने-सामने टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक करीब तीन फीट हवा में उछल गई। हादसे में दोनों बाइक सवार सड़क पर सिर के बल जा गिरे। मामा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल भांजे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और जाम की स्थिति बन गई।

जानकारी के अनुसार पसगंवा क्षेत्र के सीओ अरुण कुमार सिंह अपनी सरकारी बोलेरो से थाना दिवस में शामिल होने जा रहे थे। उसी दौरान मोहम्मदी-कंधारापुर मार्ग पर सामने से आ रही बाइक से उनकी गाड़ी की जोरदार भिड़ंत हो गई। बाइक पर सवार जयराम (50) और उनके भांजे रामावतार (45) रिश्तेदारी में जाने के लिए घर से निकले थे। परिजनों के मुताबिक दोनों रास्ते में खेती के लिए दवा खरीदने शहर भी जाने वाले थे। लोगों ने बताया कि टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। राहगीरों ने घायल रामावतार को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदी पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद सड़क पर लगा लंबा जाम

घटना के बाद सड़क पर जाम लग गया और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सीओ की बोलेरो का अगला हिस्सा भी हादसे में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। पुलिस ने ट्रैक्टर की मदद से बोलेरो को सड़क किनारे हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

अस्पताल में परिजनों का हंगामा

मौत की खबर मिलते ही मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया। रामावतार की पत्नी रेशमा समेत अन्य परिजन अस्पताल पहुंचे और रोते-बिलखते हंगामा करने लगे। स्थिति बिगड़ती देख एसडीएम मोहम्मदी, तहसीलदार अरुण कुमार और स्थानीय पुलिस बल अस्पताल पहुंचा। अधिकारियों ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। परिवार वालों का कहना है कि हादसे ने उनका सब कुछ छीन लिया। दोनों मृतक परिवार के जिम्मेदार सदस्य थे और खेती-किसानी के जरिए घर का पालन-पोषण करते थे। गांव में मातम का माहौल है और लोगों में घटना को लेकर गहरा आक्रोश भी देखने को मिल रहा है।

जांच के बाद होगी कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। बोलेरो को भी कब्जे में लेकर तकनीकी जांच कराई जाएगी। प्रशासन का कहना है कि सड़क हादसे की पूरी परिस्थितियों की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।