गोरखपुर के दोबारा अपर नगर आयुक्त बने PCS दुर्गेश मिश्रा: वाराणसी जॉइनिंग के तुरंत बाद ट्रांसफर ऑर्डर बदला, नगर निगम में चर्चाएं तेज

उत्तरप्रदेश|6 घंटे पहले
वाराणसी जॉइनिंग के तुरंत बाद ट्रांसफर ऑर्डर बदला, नगर निगम में चर्चाएं तेज

लंबे समय से गोरखपुर में तैनात पीसीएस अधिकारी दुर्गेश मिश्रा एक बार फिर नगर निगम गोरखपुर में अपर नगर आयुक्त के पद पर लौट आए हैं। दिलचस्प बात यह है कि इसी पद से उनका दो बार तबादला हो चुका है और दोनों बार कुछ ही दिनों के भीतर आदेश संशोधित कर उन्हें वापस गोरखपुर भेज दिया गया। ताजा तबादला आदेश के बाद नगर निगम और प्रशासनिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

दुर्गेश मिश्रा का लगभग एक वर्ष पहले मुरादाबाद में एडीएम एफआर पद पर स्थानांतरण हुआ था, लेकिन उन्हें गोरखपुर से कार्यमुक्त नहीं किया गया। बाद में एक सप्ताह के भीतर उनका तबादला निरस्त कर दिया गया। हाल ही में 14 मई को उनका ट्रांसफर वाराणसी नगर निगम में अपर नगर आयुक्त पद पर किया गया था। उन्होंने इस सप्ताह वाराणसी में कार्यभार भी संभाल लिया था, लेकिन शुक्रवार रात जारी पीसीएस अधिकारियों की नई सूची में उनका तबादला संशोधित करते हुए पुनः गोरखपुर नगर निगम भेज दिया गया।

सीमा पांडेय का तबादला भी रातोंरात बदला

दुर्गेश मिश्रा की जगह देवरिया की एसडीएम सीमा पांडेय को गोरखपुर नगर निगम में अपर नगर आयुक्त बनाया गया था। शुक्रवार को उन्होंने कार्यभार संभालने के बाद अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक भी की। हालांकि उसी रात जारी नई सूची में उनके तबादले में संशोधन कर उन्हें वाराणसी नगर निगम भेज दिया गया। अचानक हुए इस प्रशासनिक फेरबदल ने नगर निगम के भीतर हलचल बढ़ा दी है।

जलभराव प्रबंधन को लेकर हो रही चर्चा

दुर्गेश मिश्रा की वापसी के पीछे वर्षाकाल और जलभराव प्रबंधन को प्रमुख वजह माना जा रहा है। नगर निगम में वर्तमान समय में नगर आयुक्त समेत अधिकांश अधिकारी ऐसे हैं, जिन्होंने गोरखपुर में पिछला मानसून नहीं देखा है। ऐसे में शहर में हर साल होने वाली जलभराव की समस्या से निपटने के लिए अनुभवी अधिकारी की जरूरत महसूस की जा रही थी। प्रशासनिक हलकों में चर्चा है कि दुर्गेश मिश्रा को उनके पुराने अनुभव और नगर निगम की कार्यप्रणाली की बेहतर समझ के कारण दोबारा गोरखपुर भेजा गया है। इसी सूची में गौरव रंजन श्रीवास्तव को भी अपर नगर आयुक्त के रूप में गोरखपुर नगर निगम में तैनाती दी गई है। फिलहाल लगातार बदलते तबादला आदेशों ने नगर निगम की प्रशासनिक गतिविधियों को चर्चा के केंद्र में ला दिया है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।