महिला ने लगाया सैलरी पर कब्जे का आरोप: पीड़िता बोली- ससुर ने की छेड़छाड़, पति ने तोड़ा पैर

जिले में एक विवाहिता ने अपने पति, सास और ससुर पर दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा और छेड़छाड़ जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि विवाह के बाद से उस पर हर महीने की पूरी सैलरी सास को सौंपने का दबाव बनाया जाता था। विरोध करने पर पति मारपीट करता था। वहीं, ससुर ने अकेला पाकर उसके साथ अशोभनीय हरकत की। शिकायत करने पर परिवार के तीनों सदस्यों ने मिलकर उसकी पिटाई की। इससे उसका पैर फ्रैक्चर हो गया। मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कैंट थाने में एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता की तहरीर के अनुसार उसकी शादी एक फरवरी 2024 को फिरोजाबाद के लाइनपार थाना क्षेत्र स्थित सुहागनगर निवासी शिवम गुप्ता से हुई थी। पति एक निजी कंपनी में सीनियर ह्यूमन रिसोर्स मैनेजर है। वहीं, महिला भी पहले से निजी कंपनी में कार्यरत थी। आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष ने उसकी पूरी मासिक आय सास सीमा गुप्ता को देने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। मना करने पर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता और अपमानित किया जाता था। महिला का आरोप है कि पति ने उसका एटीएम कार्ड अपने कब्जे में लेकर सास को दे दिया। बाद में दोनों गुरुग्राम में किराये के मकान में रहने लगे। जहां घर का किराया, बिजली बिल और अन्य घरेलू खर्च भी उसी की कमाई से पूरे कराए जाते रहे। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि पति शराब पीकर मारपीट करता था। कई बार उसे भी जबरन शराब पिलाने का प्रयास किया।
विरोध करने पर मारपीट का आरोप
तहरीर में महिला ने बताया कि फिरोजाबाद में परिवार के साथ रहने के दौरान एक शाम उसके ससुर रूपेंद्र कुमार गुप्ता कमरे में पहुंचे और उसके साथ छेड़छाड़ तथा अश्लील हरकत करने लगे। विरोध करने पर उन्होंने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। जब महिला ने पूरी घटना पति और सास को बताई तो दोनों ने उसका साथ देने के बजाय ससुर का पक्ष लिया। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद तीनों ने कमरे में बंद कर डंडों, लात-घूंसों से उसकी पिटाई की। इससे उसके दाहिने पैर में फ्रैक्चर हो गया। उसने स्थानीय पुलिस से शिकायत की। लेकिन घरेलू विवाद बताकर कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद वह फ्लाइट से गोरखपुर स्थित अपने मायके पहुंच गई।
पुलिस ने दर्ज किया केस
महिला ने बताया कि उसे अब भी ससुराल पक्ष से जान का खतरा महसूस हो रहा है। उसने इसकी शिकायत गोरखपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से की। शिकायत के आधार पर कैंट थाने में पति शिवम गुप्ता, सास सीमा गुप्ता और ससुर रूपेंद्र कुमार गुप्ता के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। कैंट थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









