आजमगढ़ में थानेदार ने युवक को मारा थप्पड़: टीन शेड हटवाने के दौरान हुआ विवाद, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

उत्तरप्रदेश|11 घंटे पहले
टीन शेड हटवाने के दौरान हुआ विवाद, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

दीदारगंज थाना क्षेत्र में थाना प्रभारी द्वारा एक युवक को थप्पड़ मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली को लेकर बहस छिड़ गई है। घटना को लेकर जहां कुछ लोग पुलिस की कार्रवाई को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक बता रहे हैं। वहीं कई लोगों ने बिना कानूनी प्रक्रिया के इस तरह की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो एक दिन पुराना है और इसे युवक के परिवार के किसी सदस्य ने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड किया था।

वायरल वीडियो में दीदारगंज थाना प्रभारी जयप्रकाश सड़क किनारे खड़े एक युवक से बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान युवक और पुलिसकर्मियों के बीच बहस होती नजर आती है। वीडियो में युवक अपने साथियों से घटना की रिकॉर्डिंग करने की बात भी कहता सुनाई देता है। कुछ ही क्षण बाद थाना प्रभारी युवक को थप्पड़ मार देते हैं। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों के बीच हलचल बढ़ जाती है।

ताजिया मार्ग से टीन शेड हटाने गई थी पुलिस

घटना को लेकर थाना प्रभारी जयप्रकाश ने अपनी सफाई भी दी है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम ताजिया जुलूस के निर्धारित मार्ग से एक टीन शेड हटवाने के लिए मौके पर गई थी। उनके अनुसार, संबंधित व्यक्ति ने टीन शेड तो हटा लिया था। लेकिन इसके बाद वह पुलिस अधिकारियों के प्रति अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगा और लगातार विवाद करने पर आमादा था। थाना प्रभारी का कहना है कि युवक को कई बार समझाने का प्रयास किया गया। लेकिन वह शांत नहीं हुआ। इसी दौरान उसे डांटा गया। उन्होंने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर घटना का केवल एक हिस्सा वायरल किया गया है। वहीं, पूरे घटनाक्रम को नहीं दिखाया गया है।

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

आजमगढ़ में पुलिस अधिकारियों के व्यवहार से जुड़े विवादित वीडियो पहले भी चर्चा का विषय बन चुके हैं। इससे पहले जीयनपुर थाना क्षेत्र में तत्कालीन थाना प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह द्वारा एक युवक की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। उस मामले ने भी काफी सुर्खियां बटोरी थीं। तत्कालीन प्रकरण में सीनियर पुलिस अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित थाना प्रभारी को फटकार लगाई थी। बाद में उनका तबादला भी कर दिया गया था। ऐसे में दीदारगंज का ताजा मामला एक बार फिर पुलिस की कार्यप्रणाली और जनता के साथ उसके व्यवहार को लेकर चर्चा का विषय बन गया है। फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर विभिन्न स्तरों पर प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।