ड्रग्स के जरिए युवाओं को निशाना बना रहे दुश्मन देश-पीएम: 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान' शुरू, नशे के खिलाफ जनभागीदारी सबसे बड़ी ताकत

1 घंटा पहले
'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान' शुरू, नशे के खिलाफ जनभागीदारी सबसे बड़ी ताकत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान' का शुभारंभ करते हुए नशे के खिलाफ जनआंदोलन खड़ा करने का आह्वान किया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारत में ड्रग्स की आपूर्ति केवल अपराध नहीं बल्कि दुश्मन देशों की एक सुनियोजित साजिश का हिस्सा है। उनका उद्देश्य भारतीय युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलकर देश की ताकत को कमजोर करना है। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस चुनौती का मुकाबला सरकार और समाज को मिलकर करना होगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य तभी साकार होगा, जब देश का युवा शारीरिक, मानसिक और सामाजिक रूप से सशक्त होने के साथ नशे से भी दूर रहेगा। उन्होंने बताया कि अगले 100 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार देशभर में कला, संस्कृति, खेल और विभिन्न सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाया जाएगा। उन्होंने युवाओं से इस अभियान का नेतृत्व करने और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

पूरे परिवार को प्रभावित करता है नशा

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति का भविष्य नहीं बिगाड़ता बल्कि पूरे परिवार की उम्मीदों और सपनों को भी तोड़ देता है। उन्होंने कहा कि आज भारत के युवा स्टार्टअप, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और अंतरिक्ष जैसे क्षेत्रों में नई पहचान बना रहे हैं। इसलिए उन्हें नशे जैसी बुराई से दूर रहना होगा। उन्होंने संतों और गुरुओं की शिक्षाओं का उल्लेख करते हुए नशे से दूर रहने का संदेश भी दिया।

सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति जारी

प्रधानमंत्री ने कहा कि नशे के कारोबार और तस्करी के खिलाफ सरकार लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त किए जा रहे हैं और कार्रवाई पहले की तुलना में कई गुना बढ़ी है। उन्होंने नशे की लत से बाहर आने वाले युवाओं को प्रेरणा का स्रोत बताते हुए कहा कि उन्हें समाज में सम्मान और नया अवसर मिलना चाहिए।

एक करोड़ से अधिक युवाओं की भागीदारी

कार्यक्रम का आयोजन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के 28 हजार से अधिक स्थानों पर किया गया, जिसमें एक करोड़ से ज्यादा युवाओं ने भाग लिया। प्रधानमंत्री के संबोधन से पहले सभी प्रतिभागियों ने 'नशा मुक्त भारत' की शपथ ली। अभियान में 125 से अधिक आध्यात्मिक संगठनों, स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, सामाजिक संस्थाओं और उद्योग संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। सरकार का उद्देश्य इस अभियान को व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप देना है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।