5 से 10 जुलाई तक रेलवे का मेगा ब्लॉक: गोरखपुर-लखनऊ रूट की 34 ट्रेनें रहेंगी निरस्त, कई ट्रेनों के बदले जाएंगे रूट

गोरखपुर-लखनऊ रेल मार्ग पर सफर करने वाले यात्रियों को जुलाई के पहले सप्ताह में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। रेलवे प्रशासन ने गोंडा-बुढ़वल रेलखंड पर तीसरी रेल लाइन निर्माण कार्य के लिए पांच से 10 जुलाई तक मेगा ट्रैफिक ब्लॉक लेने का फैसला किया है। इस दौरान गोंडा और गोंडा कचहरी स्टेशन के बीच प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन इंटरलॉकिंग का कार्य किया जाएगा। रेलवे के इस बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर अपग्रेडेशन अभियान का असर उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, पंजाब, महाराष्ट्र और पूर्वोत्तर राज्यों की दर्जनों ट्रेनों पर पड़ेगा।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार के मुताबिक मेगा ब्लॉक के दौरान 34 ट्रेनों को पूरी तरह निरस्त किया गया है, जबकि 54 ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से संचालित किया जाएगा। रेलवे संरक्षा आयुक्त द्वारा 10 जुलाई को कार्यों का निरीक्षण भी प्रस्तावित है। ऐसे में गोरखपुर होकर लखनऊ, दिल्ली, मुंबई, पुणे, अयोध्या और अमृतसर जाने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के संचालन में बदलाव रहेगा।
मुंबई, पुणे और लखनऊ रूट की ट्रेनें सबसे ज्यादा प्रभावित
रेलवे द्वारा जारी सूची के अनुसार बांद्रा टर्मिनस-गोरखपुर एक्सप्रेस, गोरखपुर-बांद्रा एक्सप्रेस, गोरखपुर-पुणे एक्सप्रेस तथा पुणे-गोरखपुर एक्सप्रेस को निरस्त किया गया है। इसके अलावा गोरखपुर-गोमतीनगर एक्सप्रेस, लखनऊ-गोरखपुर एक्सप्रेस और ऐशबाग-गोरखपुर एक्सप्रेस जैसी दैनिक यात्रियों की प्रमुख ट्रेनें भी कई दिनों तक नहीं चलेंगी। आनंद विहार, छपरा, अमृतसर, पूर्णिया कोर्ट और बलरामपुर रूट की कई ट्रेनें भी प्रभावित रहेंगी।
कई लोकल ट्रेनें रहेंगी निरस्त
रेलवे ने पैसेंजर और डेमू ट्रेनों पर भी असर पड़ने की पुष्टि की है। गोंडा-बहराइच, नकहा जंगल और सीतापुर सिटी रूट की कई लोकल ट्रेनें लंबे समय तक निरस्त रहेंगी, जिससे दैनिक यात्रियों और नौकरीपेशा लोगों की परेशानी बढ़ सकती है।
यात्रियों को अलर्ट जारी
रेलवे प्रशासन ने कुछ ट्रेनों को डायवर्ट कर संचालित करने का निर्णय लिया है ताकि यात्रियों को आंशिक राहत मिल सके। कटिहार-अमृतसर एक्सप्रेस, अमृतसर-दरभंगा एक्सप्रेस, आनंद विहार-बापूधाम मोतिहारी एक्सप्रेस, गोमतीनगर-कामाख्या एक्सप्रेस और गोरखपुर-अमृतसर एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों का मार्ग बदला जाएगा। परिवर्तित मार्ग से संचालन के कारण इन ट्रेनों के समय में भी बदलाव संभव है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि स्टेशन पहुंचने से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस जरूर चेक कर लें। यात्रियों को एनटीईएस ऐप, रेलवे हेल्पलाइन और आधिकारिक वेबसाइट से अपडेटेड जानकारी लेने की सलाह दी गई है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









