बाप ने बेटी की हत्या कर किए छह टुकड़े: ट्रेन में बक्से में रख छोड़ी बॉडी, सीसीटीवी फुटेज से आरोपी तक पहुंची जीआरपी

लखनऊ|8 घंटे पहले
ट्रेन में बक्से में रख छोड़ी बॉडी, सीसीटीवी फुटेज से आरोपी तक पहुंची जीआरपी

गोमतीनगर रेलवे स्टेशन पर छपरा-गोमतीनगर एक्सप्रेस के कोच में बक्से के भीतर किशोरी की बॉडी के टुकड़े मिलने के सनसनीखेज मामले में जीआरपी ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि किशोरी की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके पिता ने ही की थी। आरोपी ने बेटी की हत्या करने के बाद बॉडी के छह टुकड़े किए और पहचान छिपाने के उद्देश्य से सिर को धड़ से अलग कर गांव के तालाब में फेंक दिया। इसके बाद बॉडी के अन्य हिस्सों को प्लास्टिक और पुराने कपड़ों में लपेटकर बक्से और बैग में भरकर ट्रेन में छोड़ दिया गया। इस जघन्य वारदात ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है।

जीआरपी ने कुशीनगर जिले के सेवरही निवासी बिग्गन अंसारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। जांच एजेंसियों के मुताबिक आरोपी अपनी 16 वर्षीय बेटी शब्बा के एक युवक से मोबाइल फोन पर बातचीत करने से नाराज था। बताया जा रहा है कि युवक दूसरे समुदाय का था, जिसे लेकर आरोपी लगातार बेटी पर दबाव बना रहा था। कई बार समझाने और धमकाने के बावजूद किशोरी ने युवक से संपर्क खत्म नहीं किया। इसी बात को लेकर आरोपी मानसिक रूप से बेटी के खिलाफ हो गया था और उसे अपनी सामाजिक बदनामी का डर सताने लगा था।

पत्नी और बेटों को पहले ही भेज दिया था रिश्तेदारी में

पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी ने वारदात को पूरी योजना के तहत अंजाम दिया। उसने पांच दिन पहले ही अपनी पत्नी और दोनों बेटों को रिश्तेदारों के घर भेज दिया था ताकि घर में कोई बाधा न रहे। घर पर केवल किशोरी और आरोपी की वृद्ध मां मौजूद थीं। 16 मई को आरोपी ने अपनी बहन नूरजहां और बहनोई मजबुल्लाह को घर बुलाया और हत्या की साजिश में उन्हें भी शामिल कर लिया। देर शाम तीनों ने मिलकर किशोरी की हत्या कर दी। इसके बाद धारदार हथियार से बॉडी के टुकड़े किए गए। सिर को गांव के तालाब में फेंक दिया गया, जबकि हाथ-पैर और धड़ को अलग-अलग पैक कर बक्से में रखा गया।

एसी कोच से निकलते हुए कैमरे में कैद

वारदात के बाद आरोपी, उसकी बहन और बहनोई ई-रिक्शा से तमकुहीरोड रेलवे स्टेशन पहुंचे। वहां उन्होंने छपरा-गोमतीनगर एक्सप्रेस के स्लीपर कोच एस-1 में बक्सा रख दिया। बॉडी रखने के बाद तीनों पास के एसी कोच से बाहर निकल गए। रेलवे स्टेशन और ट्रेन में लगे सीसीटीवी कैमरों में उनकी गतिविधियां रिकॉर्ड हो गईं। फुटेज के आधार पर जीआरपी और आरपीएफ ने संदिग्धों की पहचान की और स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपी तक पहुंच गई।

पुलिस ने हथियार भी किया बरामद

पूछताछ में आरोपी ने हत्या की पूरी कहानी उगल दी। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने गोताखोरों की मदद से तालाब से कटा हुआ सिर और हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया। जीआरपी अधिकारियों के अनुसार मामले का औपचारिक खुलासा गुरुवार को किया जाएगा। वहीं, इस निर्मम हत्याकांड के सामने आने के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

वेबसाइट पर ही पढ़ें