गोमतीनगर एक्सप्रेस में मिली युवती की सिर कटी लाश: स्लीपर कोच में बॉक्स के अंदर मिली बॉडी, हाथ-पैर पॉलीथीन में पैक

लखनऊ में छपरा से आने वाली गोमतीनगर एक्सप्रेस की स्लीपर बोगी से एक युवती की सिर कटी लाश बरामद हुई। बॉडी ट्रेन की एस-1 बोगी में रखे एक बॉक्स के अंदर मिली। युवती के हाथ और पैर अलग कर पॉलीथीन में पैक किए गए थे। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर जीआरपी और आरपीएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की गई।
मामला ट्रेन संख्या 15114 गोमतीनगर एक्सप्रेस का है। यह ट्रेन छापरा से चलकर गोमतीनगर रेलवे स्टेशन पहुंची थी। ट्रेन के स्टेशन पहुंचने के बाद सफाई कर्मचारी नियमित जांच कर रहे थे। इसी दौरान एस-1 कोच में एक संदिग्ध बैग और बॉक्स दिखाई दिया। स्टाफ को शक होने पर इसकी सूचना स्टेशन अधीक्षक को दी गई। इसके बाद पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल को मौके पर बुलाया गया।
बॉक्स खुलते ही सामने आया खौफनाक सच
चारबाग जीआरपी प्रभारी धरमवीर सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बॉक्स खुलवाया। अंदर एक युवती का धड़ पड़ा मिला। युवती की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है। बॉडी का सिर गायब था, जबकि हाथ और पैर अलग-अलग पॉलीथीन में पैक मिले। पुलिस ने बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि हत्या बेहद बेरहमी से की गई है। पुलिस के मुताबिक बॉडी को धारदार हथियार से काटा गया प्रतीत होता है। अधिकारियों को शक है कि वारदात में कसाईखाने में इस्तेमाल होने वाले भारी चापड़ जैसे हथियार का प्रयोग किया गया होगा। हालांकि शरीर पर संघर्ष या जबरदस्ती के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं।
बॉडी को इस तरह पैक किया गया कि बाहर नहीं निकला खून
पुलिस अधिकारियों के अनुसार हत्यारे ने बॉडी को बेहद योजनाबद्ध तरीके से पैक किया था। बॉक्स के अंदर इस तरह व्यवस्था की गई थी कि खून बाहर दिखाई न दे। हाथ और पैर भी अलग पॉलीथीन में बंद थे। इसी वजह से सफर के दौरान किसी यात्री को शक नहीं हुआ। युवती रंग-बिरंगा सूट पहने हुई थी। इसे देखकर पुलिस को आशंका है कि वह किसी ग्रामीण इलाके की रहने वाली हो सकती है। घटना सामने आने के बाद रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई। यात्रियों में भी डर और दहशत का माहौल दिखाई दिया। रेलवे अधिकारियों ने मामले को गंभीर मानते हुए जांच तेज कर दी है।
सीसीटीवी फुटेज और यात्रियों से पूछताछ करेगी पुलिस
युवती की पहचान और हत्यारे तक पहुंचने के लिए स्पेशल टीम बनाई गई है। पुलिस अब ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों से पूछताछ करेगी। इसके अलावा ट्रेन के पूरे रूट के रेलवे स्टेशनों की सीसीटीवी फुटेज भी चेक की जाएगी। गोमतीनगर एक्सप्रेस करीब 20 स्टेशनों से होकर गुजरती है और लगभग 12 घंटे में सफर पूरा करती है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि संदिग्ध बॉक्स ट्रेन में किस स्टेशन से चढ़ाया गया। एस-1 बोगी में आरक्षण कराने वाले यात्रियों का पूरा रिकॉर्ड भी चेक किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा करने की कोशिश की जाएगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
वेबसाइट पर ही पढ़ें








