देवरिया में 10 करोड़ के फर्जी लोन का खुलासा: युवक के नाम पर बनाई कंपनी, फर्जीवाड़ा कर ऋण हड़पने का गंभीर आरोप

उत्तरप्रदेश|3 घंटे पहले
युवक के नाम पर बनाई कंपनी, फर्जीवाड़ा कर ऋण हड़पने का गंभीर आरोप

बरहज क्षेत्र में पहचान की चोरी कर करीब 10 करोड़ रुपये का फर्जी लोन लेने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक के नाम, दस्तावेजों और मोबाइल नंबर का दुरुपयोग कर कथित तौर पर एक फर्जी कंपनी बनाई गई। उसके आधार पर बैंक से करोड़ों रुपये का ऋण प्राप्त कर लिया गया। मामले का खुलासा होने के बाद प्रशासनिक और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। शिकायत मिलने पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं बैंक और जीएसटी विभाग की कार्यप्रणाली भी सवालों के घेरे में आ गई है।

बरहज क्षेत्र के बड़कागांव निवासी देवेश मिश्रा ने जिलाधिकारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है। उनके नाम और पहचान संबंधी दस्तावेजों का अवैध इस्तेमाल कर ‘डीएम इंटरप्राइजेज’ नाम से एक कंपनी का गठन किया गया। इसी कंपनी के माध्यम से करीब 10 करोड़ रुपये का ऋण स्वीकृत कराया गया। पीड़ित का कहना है कि उन्होंने न तो कभी कोई कंपनी स्थापित की और न ही किसी प्रकार का जीएसटी पंजीकरण कराया है। उन्हें पूरे मामले की जानकारी तब हुई, जब सहायक सूचना आयुक्त के निर्देश पर राजस्व विभाग की ओर से उनकी चल एवं अचल संपत्तियों का विवरण मांगा गया।

बैंक और जीएसटी सत्यापन प्रक्रिया पर उठे सवाल

मामले के सामने आने के बाद बैंकिंग और कर प्रशासन की प्रक्रियाओं पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। इतनी बड़ी राशि के ऋण स्वीकृत होने के बावजूद केवाईसी सत्यापन और दस्तावेजों की जांच कैसे पूरी हुई? इसकी पड़ताल की जा रही है। वहीं, जीएसटी पंजीकरण के दौरान किए जाने वाले भौतिक सत्यापन की प्रक्रिया भी जांच के दायरे में आ गई है।

पीड़ित ने की कड़ी कार्रवाई की मांग

पीड़ित देवेश मिश्रा ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और न्याय की मांग की है। जिलाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। बरहज थाना पुलिस विभिन्न दस्तावेजों, बैंक रिकॉर्ड और तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है। थाना प्रभारी विशाल उपाध्याय ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।