बस्ती में महिला की चाकू मारकर हत्या: बेटे को ‘काला’ कहने पर विवाद, हिरासत में आरोपी महिला

रुधौली थाना क्षेत्र के महुआ बैरियहवा गांव में एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप धारण कर लिया। पड़ोस में रहने वाली दो महिलाओं के बीच बच्चों को लेकर शुरू हुई कहासुनी इतनी बढ़ गई कि एक महिला ने दूसरी पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। वहीं पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी माजिदा (50) अपने परिवार के साथ घर पर मौजूद थीं। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाली खुशनुमा अपने बेटे को घर बुलाने के लिए उसे ‘काला’ कहकर पुकार रही थी। जानकारी के अनुसार माजिदा को लगा कि यह टिप्पणी उनके बच्चों को लेकर की जा रही है। इसी बात को लेकर दोनों महिलाओं के बीच पहले कहासुनी हुई। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया।
मामूली तकरार से मचा कोहराम
ग्रामीणों के अनुसार विवाद के दौरान खुशनुमा अपने घर से चाकू लेकर आई। गुस्से में माजिदा के पेट पर वार कर दिया। चाकू लगते ही माजिदा गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ीं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें संतकबीरनगर जिले के सेमरियावां स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मौके पर पहुंचे अधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी कुलदीप सिंह और प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने आरोपी महिला खुशनुमा को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। थाना प्रभारी संजय कुमार दुबे ने बताया कि बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









