देवरिया में संदिग्ध गोलीकांड से हड़कंप: लाइसेंसी पिस्टल की गोली से किशोरी की मौत, दो दिन पहले आई थी फूफा के घर

देवरिया|57 मिनट पहले
लाइसेंसी पिस्टल की गोली से किशोरी की मौत, दो दिन पहले आई थी फूफा के घर

शहर के मोहन रोड स्थित एक कारोबारी के घर में हुई गोलीबारी की घटना में 13 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। लाइसेंसी पिस्टल से चली गोली किशोरी के सिर में लगने से उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने हथियार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

मृतका की पहचान गाजीपुर जिले के सादात निवासी विजय बरनवाल की पुत्री गोपी (13) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गोपी दो दिन पहले अपने फूफा सुशील बरनवाल के मोहन रोड स्थित आवास पर आई थी। मंगलवार रात करीब 10 से 11 बजे के बीच घर के एक कमरे से अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। जब परिवार के सदस्य वहां पहुंचे तो गोपी लहूलुहान अवस्था में पड़ी मिली। गोली उसके सिर में लगी थी। इससे उसकी तत्काल मौत हो गई।

कब्जे में लाइसेंसी पिस्टल

घटना की सूचना पर सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि गोली घर में मौजूद कारोबारी सुशील बरनवाल की लाइसेंसी पिस्टल से चली थी। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि गोली दुर्घटनावश चली या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पुलिस ने पिस्टल को जब्त कर लिया है। फॉरेंसिक साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं।

परिजनों से की जा रही पूछताछ

कोतवाली प्रभारी राकेश कुमार राय ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू की गहन जांच की जा रही है। परिजनों और घर के अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के निष्कर्ष आने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी। किशोरी की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। माता-पिता को सूचना दे दी गई है। पूरे मामले की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।