अलीगढ़ में आइस फैक्ट्री में अमोनिया गैस का रिसाव: इलाके में मचा हड़कंप, फैक्ट्री मालिक को पुलिस ने दी सख्त हिदायत

अलीगढ़ में दुबे के पड़ाव स्थित मीनाक्षी पुल के नीचे संचालित 'गुप्ता आइस फैक्ट्री' में अमोनिया गैस का अचानक रिसाव होने से एक बड़ा हादसा होने से बच गया। गैस की तेज गंध फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए तुरंत स्थानीय नागरिकों ने इसकी सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड विभाग को दी।
सुबह अचानक मीनाक्षी पुल के पास स्थित गुप्ता आइस फैक्ट्री से अमोनिया गैस का रिसाव शुरू हुआ। गैस की तेज और तीखी गंध हवा में घुलते ही आसपास के स्थानीय लोगों को सांस लेने में भारी तकलीफ होने लगी, जिसके कारण क्षेत्र में दहशत फैल गई। स्थानीय नागरिकों की त्वरित सूचना पर थाना गांधी पार्क पुलिस और फायर सर्विस विभाग ने तत्काल मौके पर मोर्चा संभाला और अपनी सूझबूझ से एक बहुत बड़े हादसे को टाल दिया।
पुलिस ने दिखाई तत्परता
सूचना मिलते ही थाना गांधी पार्क पुलिस और फायर सर्विस की टीमें तुरंत हरकत में आईं और दो फायर ब्रिगेड गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंच गईं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुकेश कुमार के मुताबिक फायर सर्विस टीम ने तुरंत स्थिति का जायजा लिया और अमोनिया गैस के रिसाव को प्रभावी ढंग से कंट्रोल करते हुए खतरे को पूरी तरह समाप्त कर दिया।
फैक्ट्री मालिक को मिला सख्त हिदायत
आइस फैक्ट्री के मालिक अभिषेक अग्रवाल को कड़ी फटकार लगाई और भविष्य में इस तरह की लापरवाही न बरतने की सख्त हिदायत दी। उन्हें निर्देश दिए कि वे सभी अनिवार्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करें, ताकि किसी भी श्रमिक या आसपास रहने वाले आम नागरिकों की जान को जोखिम में न डाला जाए।
जिला प्रशासन से लोगों ने लगाई गुहार
इस घटना के बाद क्षेत्रवासियों में रोष और चिंता का माहौल है। लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि रिहायशी या आसपास के इलाकों में संचालित ऐसी फैक्ट्रियों की नियमित सुरक्षा जांच की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की खतरनाक घटनाओं से बचा जा सके।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









