गंदे और बदबूदार पानी ने बढ़ाई मुसीबत: बशारतपुर के सैकड़ों परिवारों की जिंदगी प्रभावित, शिकायतों के बाद भी समाधान नहीं

उत्तरप्रदेश|2 घंटे पहले
बशारतपुर के सैकड़ों परिवारों की जिंदगी प्रभावित, शिकायतों के बाद भी समाधान नहीं

शहर के बशारतपुर स्थित लोहिया नगर के वार्ड नंबर-36 में पाइपलाइन से आ रहे गंदे और बदबूदार पानी ने सैकड़ों परिवारों की परेशानी बढ़ा दी है। हालात ऐसे हैं कि लोग न तो इस पानी को पीने लायक मान रहे हैं और न ही घरेलू उपयोग के लिए सुरक्षित समझ रहे हैं। मजबूरी में कई परिवार बाजार से आरओ का पानी खरीदकर पीने और भोजन बनाने को विवश हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर निगम और जलकल विभाग से कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। लगातार दूषित पानी की आपूर्ति से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। इससे लोगों में दहशत का माहौल है।

समस्या की गंभीरता को देखते हुए नव्य जागरण की टीम लोहिया नगर वार्ड के प्रभावित इलाकों में पहुंची और स्थानीय लोगों से बातचीत कर हालात का जायजा लिया। ग्राउंड रिपोर्ट में सामने आया कि आदर्श नगर, श्याम नगर और कृष्णा नगर समेत वार्ड के कई हिस्सों में दूषित पानी की समस्या बनी हुई है। प्रभावित क्षेत्र में करीब 700 से 800 घर हैं। कुछ लोगों ने बताया कि समस्या पिछले दो से तीन महीने से बनी हुई है, जबकि कई परिवारों का कहना है कि एक सप्ताह से अधिक समय से लगातार गंदा और बदबूदार पानी आ रहा है। क्षेत्र में कई स्कूल भी हैं, जहां इसी पाइपलाइन का पानी पहुंच रहा है। ऐसे में बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर भी अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है।

शिकायतें हुईं, लेकिन कार्रवाई नहीं

स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम के हेल्पलाइन नंबर 1533 (टोल फ्री) और 8010709390 और संबंधित अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारी शिकायत सुनने के बाद केवल आश्वासन देते हैं, लेकिन मौके पर समस्या का स्थायी समाधान नहीं कराया गया। लगातार गंदे पानी की आपूर्ति से लोगों को रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने में भी कठिनाई हो रही है।

पीने का पानी खरीदने की मजबूरी : द्रौपदी देवी

श्याम नगर निवासी द्रौपदी देवी ने बताया कि पिछले छह दिनों से उनके घर में गंदा और बदबूदार पानी आ रहा है। पहले पानी सामान्य आता था, लेकिन कुछ दिनों से स्थिति पूरी तरह बदल गई है। उन्होंने कहा कि अब पीने के लिए बाहर से पानी खरीदना पड़ रहा है। यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो बीमारी फैलने का खतरा बढ़ जाएगा।

मोटर और आरओ भी हुआ खराब : मीरा देवी

श्याम नगर की मीरा देवी ने बताया कि चार-पांच दिनों से पाइपलाइन का पानी बेहद गंदा आ रहा है। इसकी वजह से घर की मोटर खराब हो गई और आरओ मशीन ने भी काम करना बंद कर दिया। उन्होंने कहा कि कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि क्षेत्र के पार्षद भी मौके पर देखने नहीं आते।

इंद्रलोक गुप्ता।
इंद्रलोक गुप्ता।

फोरलेन की खुदाई के बाद बिगड़ी स्थिति : इंद्रलोक गुप्ता

कृष्णा नगर निवासी इंद्रलोक गुप्ता का कहना है कि फोरलेन निर्माण के लिए खुदाई शुरू होने के बाद से ही पानी की गुणवत्ता बिगड़ गई। उनके अनुसार करीब तीन महीने से गंदा पानी आ रहा है। शिकायत करने पर उन्हें बताया गया कि जब तक निर्माण कार्य चलता रहेगा, तब तक ऐसी समस्या बनी रह सकती है। उन्होंने कहा कि यह जवाब लोगों की परेशानी का समाधान नहीं है।

नहाना भी हुआ मुश्किल : मालती देवी

कृष्णा नगर की मालती देवी ने बताया कि कई महीनों से पाइपलाइन से आने वाला पानी बदबूदार और गंदा है। परिवार खाना बनाने और पीने के लिए बाजार से आरओ का पानी खरीद रहा है। उन्होंने कहा कि नल का पानी इतना खराब है कि उससे नहाना भी मुश्किल हो गया है। कुछ समय तक पानी की आपूर्ति भी बंद रही। ऐसे हालात में बीमारी फैलने की आशंका लगातार बनी हुई है।

वीडियो भेजने पर भी नहीं हुई कार्रवाई : अजय कुमार

आदर्श नगर निवासी अजय कुमार ने बताया कि सुबह के समय सबसे अधिक गंदा पानी आता है। उन्होंने 29 जुलाई को गंदे पानी का वीडियो बनाकर जलकल विभाग के अधिकारी को भेजा था। इसके अलावा पार्षद को भी इसकी जानकारी दी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि शिकायतों के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।

आशुतोष द्विवेदी।
आशुतोष द्विवेदी।

साफ पानी के बिना जीवन मुश्किल : आशुतोष द्विवेदी

आदर्श नगर निवासी आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से गंदे पानी की आपूर्ति हो रही है। परिवार को पीने और भोजन बनाने के लिए बाहर से आरओ का पानी खरीदना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि दूषित पानी के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है और साफ पानी के बिना सामान्य जीवन प्रभावित हो रहा है।

रीता सिंह।
रीता सिंह।

केवल आश्वासन, समाधान नहीं : रीता सिंह

कृष्णा नगर निवासी रीता सिंह ने बताया कि करीब एक सप्ताह से घर में गंदा पानी आ रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से शिकायत की तो जल्द समस्या दूर करने का आश्वासन मिला, लेकिन अब तक स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। उनका कहना है कि जब तक पाइपलाइन से साफ पानी नहीं मिलेगा, तब तक लोगों की चिंता खत्म नहीं होगी।

राजेंद्र तिवारी पार्षद लोहिया नगर वार्ड नंबर- 36।
राजेंद्र तिवारी पार्षद लोहिया नगर वार्ड नंबर- 36।

पार्षद बोले- अधिकारियों की उदासीनता से नहीं निकल रहा समाधान

लोहिया नगर के वार्ड नंबर-36 के पार्षद राजेंद्र तिवारी ने बताया कि इस समस्या को कार्यकारिणी की बैठक में प्रमुखता से उठाया जा चुका है। इसके बावजूद नगर निगम के अधिकारियों की उदासीनता के कारण अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका है। उनके अनुसार फोरलेन निर्माण के लिए चल रही खुदाई और रामजानकी मार्ग पर नाले के निर्माण कार्य के कारण पाइपलाइन प्रभावित हुई है। इसी वजह से कई बार पानी की आपूर्ति बाधित रहती है और जो पानी आता है, उसकी गुणवत्ता भी खराब होती है। उन्होंने कहा कि नगर निगम को इस समस्या का स्थायी समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराना चाहिए, क्योंकि यह सीधे लोगों के स्वास्थ्य से जुड़ा मामला है। यदि समय रहते व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो हालात और गंभीर हो सकते हैं।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।