गोरखपुर में MMMUT में चला विशेष स्वच्छता अभियान: NSS स्वयंसेवकों ने श्रमदान कर दिया संदेश, छात्रों ने की सफाई

उत्तरप्रदेश|9 घंटे पहले
NSS स्वयंसेवकों ने श्रमदान कर दिया संदेश, छात्रों ने की सफाई

मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमएमएमयूटी) के राष्ट्रीय सेवा योजना प्रकोष्ठ की ओर से गुरुवार को विश्वविद्यालय परिसर में एक दिवसीय स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य परिसर को साफ-सुथरा और आकर्षक बनाए रखने के साथ विद्यार्थियों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा। कार्यक्रम का संचालन एनएसएस समन्वयक डॉ. सत्य प्रकाश यादव और डॉ. सत्य प्रकाश मौर्य के संयुक्त मार्गदर्शन में हुआ।

अभियान के दौरान कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शलभ मिश्रा, डॉ. रोहित बाबू, ईसीई विभाग के सहायक आचार्य डॉ. दिनेश कोठारी तथा भौतिकी एवं मैटेरियल साइंस विभाग के सहायक आचार्य पी. के. भारती मौजूद रहे। शुरुआत में स्वयंसेवकों को स्वच्छता के महत्व, पर्यावरण संरक्षण और परिसर को साफ बनाए रखने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही विद्यार्थियों से नियमित रूप से स्वच्छता बनाए रखने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की गई।

स्वयंसेवकों ने लिया संकल्प

इसके बाद स्वयंसेवकों ने आईटीआरसी लॉन, विद्युत विभाग और कैफेटेरिया के सामने झाड़ू लगाकर कचरा, धूल तथा अन्य अपशिष्ट एकत्रित किया और उनके समुचित निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित की। अभियान में छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लेते हुए श्रमदान, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व का परिचय दिया। समापन पर सभी स्वयंसेवकों ने परिसर और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने तथा भविष्य में भी ऐसी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।