गोरखपुर में बोरे में बंद मिली युवक की लाश: आमी नदी में फेंकी बॉडी, हाथ-पैर बांधकर मर्डर की आशंका

उत्तरप्रदेश|4 घंटे पहले
आमी नदी में फेंकी बॉडी, हाथ-पैर बांधकर मर्डर की आशंका

सहजनवा क्षेत्र में सोमवार सुबह आमी नदी में बोरे के अंदर एक युवक की बॉडी बरामद हुई। बॉडी की हालत देखकर साफ अंदाजा लगाया जा रहा है कि युवक की बेरहमी से हत्या करने के बाद साक्ष्य मिटाने की नीयत से उसे बोरे में भरकर नदी में फेंक दिया गया। घटना गीडा थाना क्षेत्र के भरसाड़ ग्राम सभा स्थित सेमरहवा बाबा के पास आमी नदी पुल की है। सुबह नदी किनारे पहुंचे ग्रामीणों ने पानी में एक संदिग्ध बोरा तैरता देखा। बोरे की स्थिति देखकर लोगों को शक हुआ, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। घटना की खबर मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी भीड़ जुट गई।

सूचना मिलने के बाद गीडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से बोरे को नदी से बाहर निकाला गया। जब पुलिस ने बोरा खोला तो अंदर का दृश्य देखकर हर कोई सन्न रह गया। बोरे में एक अज्ञात युवक की बॉडी थी, जिसके हाथ और पैर रस्सियों से कसकर बंधे हुए थे। बॉडी की स्थिति से प्रतीत हो रहा था कि युवक की हत्या कहीं और की गई और बाद में पहचान छिपाने के उद्देश्य से बॉडी को नदी में बहा दिया गया। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोग तरह-तरह की चर्चाएं करते नजर आए और इलाके में अपराधियों के बढ़ते हौसलों को लेकर चिंता जताई।

गला दबाकर हत्या की आशंका

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। बॉडी की स्थिति और बंधे हुए हाथ-पैर इस ओर इशारा कर रहे हैं कि युवक को पहले बंधक बनाया गया और फिर उसकी हत्या कर दी गई। आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने युवक का गला दबाकर उसकी जान ली होगी, हालांकि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने बॉडी को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

पहचान छिपाने की कोशिश

मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के जिलों और थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है। साथ ही युवक की तस्वीर और अन्य विवरण आसपास के थाना क्षेत्रों में भेजे गए हैं, ताकि उसकी शिनाख्त हो सके। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं यह मामला आपसी रंजिश, प्रेम प्रसंग या किसी आपराधिक गिरोह से जुड़ा तो नहीं है।

मामले की जांच कर रही पुलिस

गीडा थाना प्रभारी अश्वनी पांडेय ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू पर जांच की जा रही है। फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और युवक की पहचान के बाद मामले की तस्वीर और स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा कर लिया जाएगा।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।