कानपुर में मामूली बाइक टक्कर में पिता-पुत्र का मर्डर: ईंट, हेलमेट और चाकुओं से किया प्रहार, तीन आरोपी अरेस्ट

उत्तरप्रदेश|4 घंटे पहले
ईंट, हेलमेट और चाकुओं से किया प्रहार, तीन आरोपी अरेस्ट

नौबस्ता क्षेत्र में रविवार देर रात मामूली बाइक टक्कर ने देखते ही देखते खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। मनबढ़ युवकों ने बीच सड़क पर एक पिता और उनके दो बेटों पर ईंट, हेलमेट और चाकुओं से हमला कर दिया। इस हमले में पिता और एक बेटे की मौत हो गई। वहीं दूसरा बेटा जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे शहर में सनसनी फैल गई है। घटना के बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए सोमवार तड़के मुठभेड़ में मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को अरेस्ट कर लिया।

यह दिल दहला देने वाली घटना यशोदानगर बाईपास स्थित वृंदावन गेस्ट हाउस के सामने हुई। मृतकों की पहचान चकेरी थाना क्षेत्र के रामपुर कांशीराम कॉलोनी निवासी शिव नारायण त्रिवेदी (60) और उनके बेटे शिवम (25) के रूप में हुई है। वहीं दूसरा बेटा सत्यम गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। परिवार के मुताबिक, तीनों पिता-पुत्र किदवई नगर स्थित एक मार्बल शोरूम में काम करते थे और रविवार रात ड्यूटी खत्म कर बाइक से घर लौट रहे थे।

लहूलुहान हालत में सड़क पर तड़पते रहे पिता-पुत्र

जानकारी के अनुसार, रास्ते में उनकी बाइक की टक्कर दूसरी बाइक से हो गई। पहले दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही मिनटों में विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि हमलावरों ने पहले हेलमेट और लात-घूंसों से हमला किया, फिर सड़क किनारे पड़ी ईंटों से पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने चाकू निकालकर ताबड़तोड़ वार किए। वायरल वीडियो में हमलावर भीड़ के सामने खुलेआम मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और लोग भयभीत होकर इधर-उधर भागने लगे। घायल पिता और दोनों बेटे लहूलुहान हालत में सड़क पर तड़पते रहे। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने तीनों को हैलट अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने शिव नारायण और शिवम को मृत घोषित कर दिया।

भीड़ ने एक आरोपी को दबोचा, दो फरार हुए

घटना के दौरान आसपास मौजूद कुछ लोगों ने साहस दिखाते हुए एक आरोपी शिवा वर्मा को पकड़ लिया और उसकी पिटाई के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं मुख्य आरोपी करन वर्मा और उसका साथी उत्सव अवस्थी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से तीन बाइकें भी बरामद की हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सामने आया कि पिता और पुत्र के सीने और पीठ पर आधा दर्जन से अधिक चाकू के गहरे घाव मिले। चिकित्सकों के मुताबिक, अत्यधिक रक्तस्राव और फेफड़ों के क्षतिग्रस्त होने के कारण दोनों की मौत हुई।

एनकाउंटर में दबोचे गए आरोपी

घटना के कुछ घंटे बाद ही पुलिस ने मुख्य आरोपी करन वर्मा, उसके साथी उज्जवल और मददगार समीर गौतम को मुठभेड़ के दौरान अरेस्ट कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी हमीरपुर की ओर भागने की कोशिश कर रहे थे। रोकने पर उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपी करन के दोनों पैरों में गोली लगी।

जमानत पर बाहर आया था आरोपी

डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि करन वर्मा के खिलाफ पहले से हत्या और मारपीट समेत कई आपराधिक केस दर्ज हैं। वह 2023 में हत्या के मामले में जेल भी जा चुका है और हाल ही में जमानत पर बाहर आया था। पुलिस कमिश्नर डॉ. विपिन ताडा ने कहा कि आरोपियों ने पूछताछ में हत्या की बात स्वीकार कर ली है और मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।