गर्लफ्रेंड की चुनौती पूरी करने यूपी से दतिया पहुंचा युवक: कलेक्टर से मिलने से पहले हुआ बेहोश, होटल में रुकते-रुकते खत्म हुए पैसे

मध्य प्रदेश के दतिया जिले में सोमवार को एक ऐसा मामला सामने आया है। जिसने सोशल मीडिया की दीवानगी और युवाओं की भावनात्मक जिद दोनों को एक साथ चर्चा में ला दिया। उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले से एक युवक सिर्फ अपनी गर्लफ्रेंड की बात पूरी करने के लिए सैकड़ों किलोमीटर का सफर तय कर दतिया पहुंच गया। युवक की इच्छा थी कि वह चर्चित दतिया कलेक्टर स्वप्निल बानखेड़े से मुलाकात करे, लेकिन भीषण गर्मी और थकान ने उसकी हालत बिगाड़ दी। कलेक्ट्रेट परिसर में अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई और वह बेहोश होकर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां उसका इलाज जारी है।
घटना के बाद यह मामला पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गया। युवक की पहचान 26 वर्षीय राजकुमार गुप्ता निवासी चंदौली, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। राजकुमार पेशे से टैक्सी ड्राइवर है और सोशल मीडिया पर दतिया कलेक्टर स्वप्निल बानखेड़े के कामकाज और व्यक्तित्व से काफी प्रभावित बताया जा रहा है।
“अगर प्यार करते हो तो कलेक्टर से मिलकर दिखाओ”
अस्पताल में उपचार के दौरान राजकुमार ने बताया कि उसकी गर्लफ्रेंड ने उससे कहा था कि यदि वह सच में उससे प्यार करता है तो एक बार दतिया जाकर कलेक्टर स्वप्निल बानखेड़े से मिलकर दिखाए। इसी बात को उसने अपनी प्रतिष्ठा और प्यार की परीक्षा मान लिया। बिना ज्यादा सोच-विचार किए वह शुक्रवार को चंदौली से ट्रेन पकड़कर झांसी पहुंचा और वहां से बस के जरिए दतिया आ गया। राजकुमार ने बताया कि दतिया पहुंचने के बाद वह एक स्थानीय होटल में रुका। शनिवार को वह कलेक्ट्रेट पहुंचा, लेकिन अवकाश होने के कारण कलेक्टर से मुलाकात नहीं हो सकी। रविवार का दिन भी उसे होटल में ही बिताना पड़ा। सोमवार को वह दोबारा कलेक्ट्रेट पहुंचा, लेकिन दोपहर की तेज गर्मी और लगातार सफर की थकान के चलते उसकी तबीयत बिगड़ गई।
अचानक बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार, युवक कलेक्ट्रेट परिसर में पानी पी रहा था, तभी अचानक उसे सीने में दर्द की शिकायत हुई और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। वहां मौजूद कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत उसे संभाला और एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार युवक को अत्यधिक गर्मी, डिहाइड्रेशन और कमजोरी के कारण परेशानी हुई। राजकुमार ने यह भी बताया कि लगातार होटल में रुकने और यात्रा में खर्च होने के कारण उसके पास पैसे भी खत्म हो चुके हैं। यहां तक कि होटल का किराया देने तक की स्थिति नहीं बची। उसने अपने एक परिचित को फोन कर आर्थिक मदद मांगी है।
कलेक्टर बोले- जरूरत पड़ी तो अस्पताल जाकर मिलूंगा
इस पूरे मामले की जानकारी मिलने के बाद दतिया कलेक्टर स्वप्निल बानखेड़े ने संवेदनशील प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि युवक के बारे में उन्हें जानकारी मिली है और वह उससे मुलाकात करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि यदि युवक की तबीयत में जल्द सुधार नहीं होता, तो वह स्वयं अस्पताल जाकर उससे मिलेंगे।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









