टायर फटने से दो कारों में भीषण भिड़ंत: हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत, 11 की हालत गंभीर

आगरा-ग्वालियर हाईवे पर बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं 11 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सैंया थाना क्षेत्र में कुणाल कॉलेज के समीप हुए इस हादसे में दो कारों की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक कार का टायर अचानक फट जाने से चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार कार डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में पहुंच गई। सामने से आ रही दूसरी कार से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दूसरी कार सड़क पर पलट गई। दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को वाहनों से बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल इलाज के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया। दुर्घटना में धौलपुर निवासी रिंकू शर्मा, मध्य प्रदेश के दतिया निवासी विवेक तिवारी तथा मीना श्रीवास्तव की मौत हो गई। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। जबकि घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है।
परीक्षा देने जा रहे थे बीएससी के छात्र
पुलिस के अनुसार कार में सात छात्र सवार थे। जो धौलपुर से आगरा बीएससी की परीक्षा देने आ रहे थे। कार में रिंकू शर्मा, अभिषेक शर्मा, जितेंद्र, राहुल, मनमोहन समेत अन्य छात्र मौजूद थे। घायल छात्र अभिषेक शर्मा ने बताया कि सभी छात्र सुबह परीक्षा केंद्र के लिए रवाना हुए थे। रिंकू शर्मा वाहन चला रहे थे। कुणाल कॉलेज के पास पहुंचते ही कार का दाहिना टायर फट गया। जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया। तेज गति के कारण कार सीधे डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन में चली गई और सामने से आ रही दूसरी कार से टकरा गई। हादसे में चालक रिंकू शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
हरिद्वार से लौट रहा था परिवार
दूसरी कार में मध्य प्रदेश के दतिया जिले के आठ लोग सवार थे। जो हरिद्वार से गंगा स्नान और धार्मिक दर्शन कर वापस अपने घर लौट रहे थे। कार में विवेक तिवारी, उर्मिला तिवारी, मीना श्रीवास्तव, राखी वाजपेयी, मनी वाजपेयी, राघव, शिव और सुमित सवार थे। दुर्घटना के दौरान कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में विवेक तिवारी और मीना श्रीवास्तव की जान चली गई। जबकि अन्य सदस्य घायल हो गए।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। मृतकों की बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। घायलों का इलाज चिकित्सकीय निगरानी में चल रहा है। अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में टायर फटना हादसे की मुख्य वजह प्रतीत हो रही है। हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद दोनों परिवारों में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









