गाजियाबाद में युवक ने दो बहनों को मारी गोली: घर में घुसकर की ताबड़तोड़ फायरिंग, शादी टूटने से था नाराज

खोड़ा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। शादी का रिश्ता टूटने से नाराज एक युवक ने घर में घुसकर दो सगी बहनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से दोनों बहनें गंभीर रूप से घायल हो गईं। जिन्हें इलाज के लिए दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को अरेस्ट कर लिया गया।
घायलों की पहचान खुशी (20) और उसकी छोटी बहन निधि (18) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों बहनों पर हमला करने वाला युवक जॉनी वाल्मीकि है। जो पुराना बस अड्डा बारादरी क्षेत्र का रहने वाला है। वो रैपिडो चालक के रूप में कार्य करता है।
डेढ़ साल पहले तय हुआ था रिश्ता
पुलिस जांच में सामने आया है कि करीब डेढ़ वर्ष पहले जॉनी का रिश्ता खुशी के साथ तय हुआ था। हालांकि, युवक के व्यवहार और चाल-चलन को लेकर परिवार की आपत्तियों के चलते लगभग चार महीने पहले यह रिश्ता समाप्त कर दिया गया था। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच संपर्क लगभग खत्म हो गया था। बताया जा रहा है कि रिश्ता टूटने के बाद से आरोपी लगातार नाराज चल रहा था। परिवार पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहा था।
खिड़की का शीशा तोड़कर कमरे में घुसा
जानकारी के अनुसार, आरोपी तमंचा लेकर युवती के घर पहुंच गया। उसे देखकर दोनों बहनों ने खुद को कमरे में बंद कर लिया। इसके बावजूद आरोपी ने पहले खिड़की का शीशा तोड़ा, फिर रास्ते में रखा फ्रिज हटाकर कमरे में घुसने की कोशिश की। इसके बाद उसने दोनों बहनों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में खुशी को चार गोलियां लगीं, जिनमें तीन पैर में और एक पेट में लगी। वहीं निधि के चेहरे पर गोली लगी। दोनों बहनें गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ीं। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
दिल्ली रेफर की गई बड़ी बहन
मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को दिल्ली स्थित लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर रूप से घायल खुशी को हायर सेंटर रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। वहीं निधि का भी इलाज जारी है।
वारदात के बाद सोशल मीडिया पर डाला वीडियो
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने कार में बैठकर अपना वीडियो बनाया। उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। वीडियो में उसने दावा किया कि रिश्ता तय होने के दौरान उसने युवती के परिवार को लाखों रुपये दिए थे। रिश्ता टूटने के कारण वह मानसिक रूप से परेशान था। वीडियो में उसने खुद को पुलिस के सामने सरेंडर करने की बात भी कही।
आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी जॉनी वाल्मीकि को अरेस्ट कर लिया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने शादी का रिश्ता टूटने से नाराज होकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









