कुंडे समेत पंखा गिरने से मासूम की मौत: घर में हो रहा था रामचरितमानस का पाठ, हादसे के बाद मुंडन संस्कार स्थगित

उत्तरप्रदेश|8 घंटे पहले
घर में हो रहा था रामचरितमानस का पाठ, हादसे के बाद मुंडन संस्कार स्थगित

उसका थाना क्षेत्र के कर्मा गांव में मुंडन संस्कार की तैयारियों के बीच एक दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। कमरे की छत से कुंडे समेत पंखा टूटकर नीचे गिर गया। इसकी चपेट में आने से मां के साथ सो रहा ढाई माह का मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। जिस घर में मुंडन संस्कार का उत्सव मनाया जाना था। वहां कुछ ही पलों में चीख-पुकार और मातम का माहौल छा गया।

कर्मा गांव निवासी रमेश पांडेय के परिवार में शनिवार को उनके पौत्र अर्श पुत्र अभिषेक पांडेय का मुंडन संस्कार होना था। इस अवसर पर घर में अखंड रामचरितमानस पाठ का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रिश्तेदार और शुभचिंतक पहले ही पहुंच चुके थे। पूरे परिवार में उत्साह का माहौल था। मुंडन संस्कार की लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। धार्मिक आयोजन के बाद परिवार के अधिकांश सदस्य विश्राम के लिए अपने-अपने कमरों में चले गए थे।

मासूम पर आ गिरा पंखा

रमेश पांडेय का दूसरा पौत्र गोलू पुत्र आजाद पांडेय का ढाई माह का बेटा अपनी मां के साथ कमरे में सो रहा था। इसी दौरान अचानक छत में लगा पंखा कुंडे समेत टूटकर सीधे बच्चे के ऊपर गिर पड़ा। तेज आवाज सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल मासूम को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले गए। हालांकि चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। खुशियों का माहौल पलभर में गहरे शोक में बदल गया।

गांव में पसरा मातम

हादसे के बाद परिवार ने शनिवार को होने वाला मुंडन संस्कार स्थगित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग बड़ी संख्या में पीड़ित परिवार के घर पहुंचने लगे और शोक संवेदना व्यक्त की। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक ही पल में उत्सव का माहौल मातम में बदल जाने से पूरे कर्मा गांव में शोक की लहर फैल गई।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।