केतन हत्याकांड मामला- रेस्क्यू टीम ने सिर पर गंभीर चोट का किया दावा: बुरी तरह क्षतिग्रस्त थी खोपड़ी, परिजनों ने शुरू से सिया पर जताया शक

1 घंटा पहले
बुरी तरह क्षतिग्रस्त थी खोपड़ी, परिजनों ने शुरू से सिया पर जताया शक

केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच के बीच मामले में नए दावे सामने आए हैं। घटनास्थल से बॉडी निकालने वाली रेस्क्यू टीम के सदस्य ने दावा किया है कि केतन के सिर पर गंभीर चोटें थीं और खोपड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त थी। वहीं, पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए मुख्य आरोपी सिया गोयल के भाई साहिल गोयल से करीब दस घंटे तक पूछताछ की। अब सिया के माता-पिता को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया है। पुलिस पहले से ही सिया और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी को हिरासत में लेकर मामले की जांच कर रही है।

बॉडी को खाई से बाहर निकालने वाली रेस्क्यू टीम के सदस्य सुनील गायकवाड़ ने बताया कि केतन के सिर पर गहरी चोटें थीं, खोपड़ी कुचली हुई थी और हाथ-पैरों पर भी कई स्थानों पर गंभीर जख्म दिखाई दिए। उनके अनुसार, घटना की सूचना 18 जून की सुबह करीब 10:30 बजे पुलिस को मिली थी। बचाव अभियान दोपहर 12:30 बजे तक चला। करीब एक घंटे बाद बॉडी को एंबुलेंस तक पहुंचाया गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि जहां अन्य लोग रो रहे थे और मदद की गुहार लगा रहे थे। वहीं, सिया गोयल घटनास्थल पर शांत खड़ी थी।

परिजनों ने बताया कब हुआ संदेह?

केतन के पिता विशाल अग्रवाल का कहना है कि घटना वाले दिन ही परिवार को सिया के व्यवहार पर संदेह हो गया था। उनके अनुसार, जब मौके पर मौजूद महिला पुलिसकर्मी ने कहा कि केतन की सांस चल रही है। उसे तुरंत अस्पताल ले जाना चाहिए, तब सिया के हावभाव अचानक बदल गए। बाद में परिवार के सवालों पर भी उसने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। उन्होंने बताया कि सिया की मां ने फोन कर सूचना दी थी कि केतन लोहगढ़ किले से गिर गया है। जब परिवार मौके पर पहुंचा तो बॉडी बाहर निकाली जा चुकी थी और उसका मुंह बंधा हुआ था, जिसे खोलकर पहचान की गई।

पूछताछ, सीसीटीवी और कॉल रिकॉर्ड जांच में शामिल

विशाल अग्रवाल के अनुसार, अगले दिन भी सिया से घटना के संबंध में कई सवाल पूछे गए। लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया। इसी दौरान उसकी बुआ उसे वहां से लेकर चली गई। इससे परिवार का संदेह और बढ़ गया। बाद में परिवार ने सोसायटी के सीसीटीवी फुटेज देखे, जिनमें लौटते समय सिया सामान्य नजर आई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि आरोपी सिया और चेतन चौधरी ने घटना से पहले और बाद की चैट हिस्ट्री डिलीट कर दी थी तथा रीसायकल बिन भी खाली कर दिया था। मोबाइल फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे गए हैं। पुलिस के अनुसार, कॉल रिकॉर्ड में जनवरी से घटना वाले दिन तक एक ही नंबर पर 2004 कॉल और करीब 338 घंटे की बातचीत दर्ज मिली, जो चेतन चौधरी का नंबर बताया जा रहा है।

हत्या के पीछे क्या है पुलिस का दावा?

पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान सिया ने बताया कि उसे केतन का विग लगाना और हकलाना पसंद नहीं था। इसके चलते उसने हत्या की साजिश रची। हालांकि, केतन के पिता ने इस दावे को लेकर कहा कि शादी तय होने से पहले ही सिया और उसके परिवार को केतन के विग के बारे में पूरी जानकारी दे दी गई थी। उनका कहना है कि परिवार को सिया के कथित प्रेम संबंध की जानकारी होने पर यह रिश्ता कभी तय नहीं किया जाता। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच जारी रखे हुए है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।