पाकिस्तान पर भारत का हॉकी प्रहार: 7-1 से दर्ज की ऐतिहासिक जीत, रविवार को इंग्लैंड से होगा मुकाबला

1 घंटा पहले
7-1 से दर्ज की ऐतिहासिक जीत, रविवार को इंग्लैंड से होगा मुकाबला

एफआईएच प्रो लीग में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 7-1 से करारी शिकस्त देकर शानदार प्रदर्शन किया। लंदन में खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम शुरुआती बढ़त गंवाने के बावजूद दमदार वापसी करते हुए लगातार सात गोल दागे। खास बात यह रही कि भारत के सभी सात गोल अलग-अलग खिलाड़ियों ने किए। अब टीम इंडिया लंदन चरण के अपने अंतिम मुकाबले में रविवार को इंग्लैंड का सामना करेगी।

मैच के 13वें मिनट में पाकिस्तान ने अबू महमूद के पेनल्टी कॉर्नर पर किए गए गोल की बदौलत 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। हालांकि भारतीय टीम ने दबाव में आए बिना खेल जारी रखा और सात मिनट बाद ही स्कोर बराबर कर दिया। 20वें मिनट में सुखजीत सिंह ने हरमनप्रीत सिंह की पेनल्टी कॉर्नर पर आई गेंद को शानदार तरीके से डिफ्लेक्ट करते हुए गोल में बदल दिया। इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों ने लगातार आक्रामक खेल दिखाया और पाकिस्तान को वापसी का कोई मौका नहीं दिया।

कप्तान हरमनप्रीत ने दिलाई बढ़त

पहले हाफ के समाप्त होने से पहले भारत ने मुकाबले में बढ़त बना ली। 26वें मिनट में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर टीम को 2-1 से आगे कर दिया। तीसरे क्वार्टर में भारतीय टीम का दबदबा और मजबूत हो गया। 34वें मिनट में मिले पेनल्टी स्ट्रोक पर हार्दिक सिंह ने तीसरा गोल किया। इसके तुरंत बाद पाकिस्तान के असफल पेनल्टी कॉर्नर के बाद हुए तेज जवाबी हमले में जुगराज सिंह ने चौथा गोल दागकर बढ़त को और मजबूत कर दिया।

लगातार गोलों से पाकिस्तान पूरी तरह बेबस

भारतीय टीम ने चौथे क्वार्टर में भी आक्रामक रवैया बरकरार रखा। 41वें मिनट में अभिषेक ने शानदार रिवर्स हिट के जरिए फील्ड गोल कर स्कोर 5-1 कर दिया। इसके तीन मिनट बाद लगातार मिले पेनल्टी कॉर्नर के दौरान राजकुमार पाल ने रीबाउंड पर गोल दागा। 54वें मिनट में मंदीप सिंह के सटीक पास पर दिलप्रीत सिंह ने सातवां गोल कर भारत की 7-1 की शानदार जीत पर मुहर लगा दी। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने प्रो लीग में अपना आत्मविश्वास और मजबूत किया।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।