वेस्टइंडीज के खिलाफ टीम इंडिया के चयन पर टिकीं नजरें: रोहित के करियर पर होगा मंथन, हार्दिक संग जडेजा-जुरेल की किस्मत दांव पर

वेस्टइंडीज के खिलाफ 27 सितंबर से शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम चयन में रोहित शर्मा और हार्दिक पंड्या पर खास नजर रहेगी। अजीत अगरकर की अगुआई वाला चयन पैनल आज टीम पर फैसला करेगा। यह अगरकर के मौजूदा कार्यकाल की आखिरी चयन बैठक होगी, जो अक्टूबर की शुरुआत में खत्म होने वाली है। 2027 वनडे विश्व कप को देखते हुए रोहित का भविष्य और हार्दिक की फिटनेस चयनकर्ताओं के सामने प्रमुख मुद्दे होंगे।
रोहित ने 2027 विश्व कप में खेलने की इच्छा जाहिर की है, लेकिन उनके वनडे भविष्य को लेकर चर्चा जारी है। जुलाई में इंग्लैंड दौरे के दौरान ऐसी खबरें सामने आई थीं कि चयनकर्ता उनसे आगे बढ़ने की योजना बना रहे हैं। हालांकि, बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने बाद में इस बात को खारिज करते हुए कहा था कि रोहित भारत की वनडे योजनाओं का हिस्सा बने रहेंगे। इंग्लैंड के खिलाफ कार्डिफ में दूसरे वनडे में 47 गेंदों पर 26 रन बनाने के बाद यह बहस फिर तेज हुई। इससे पहले अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू सीरीज में उन्होंने 16, 48 और 79 रन बनाए थे। लॉर्ड्स में उनकी पिछली वनडे पारी शतक वाली रही थी। अक्टूबर 2025 में शुभमन गिल को वनडे कप्तान बनाया गया था, जबकि रोहित ने इससे कुछ महीने पहले भारत को चैंपियंस ट्रॉफी जिताई थी।
हार्दिक की फिटनेस सबसे बड़ा सवाल
हार्दिक पंड्या ने आईपीएल 2026 के बाद से प्रतिस्पर्धी क्रिकेट नहीं खेला है। जून में उन्हें अफगानिस्तान वनडे सीरीज के लिए चुना गया था, लेकिन सीरीज से पहले पैर में चोट लगने के कारण वह बाहर हो गए। इससे पहले पीठ की ऐंठन के कारण वह मुंबई इंडियंस के चार मैच नहीं खेल पाए थे। फिलहाल वह बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में कंडीशनिंग कर रहे हैं और अगले सप्ताह फिटनेस टेस्ट से गुजरेंगे। चयनकर्ता 50 ओवर के प्रारूप में उनकी अहमियत को देखते हुए वापसी को लेकर सतर्क रह सकते हैं। पुडुचेरी में छहअक्टूबर से ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ भारत ए का मुकाबला उनकी वापसी का संभावित मंच हो सकता है।
ऑलराउंडर और विकेटकीपर विकल्पों पर नजर
नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, शिवम दुबे और वाशिंगटन सुंदर के एशियाई खेलों की टीम में होने तथा हर्ष दुबे और शाहबाज अहमद के चोटिल होने से चयनकर्ताओं के विकल्प सीमित हैं। ऐसे में रवींद्र जडेजा की वापसी हो सकती है। क्रुणाल पंड्या भी विकल्प हैं। विकेटकीपर के तौर पर केएल राहुल पहली पसंद हो सकते हैं, जबकि बैकअप के लिए ऋषभ पंत और ध्रुव जुरेल के बीच मुकाबला है। जुरेल ने हाल में श्रीलंका के खिलाफ नाबाद 115 रन बनाए थे। श्रेयस अय्यर की गैरमौजूदगी में वह मध्यक्रम का विकल्प भी बन सकते हैं।
कुलदीप की वापसी का रास्ता खुला
यॉर्कशायर के लिए काउंटी चैंपियनशिप में दस विकेट लेने वाले कुलदीप यादव को वेस्टइंडीज के खिलाफ तीनों वनडे खेलने का मौका मिल सकता है। हालांकि, वरुण चक्रवर्ती की चोट के कारण उन्हें एशियाई खेलों की टीम में शामिल किया जाता है तो समीकरण बदल सकते हैं। फिलहाल वरुण की चोट को अस्थायी माना जा रहा है। चयन से बाहर रहने वाले खिलाड़ियों के लिए भी ज्यादा इंतजार नहीं होगा। एक से पांच अक्टूबर तक श्रीनगर में जम्मू-कश्मीर के खिलाफ होने वाले ईरानी कप में उन्हें खेलने का मौका मिल सकता है।










