ओलंपियाड में भारत का डबल धमाका: शतरंज में पुरुष और महिला टीम की शानदार जीत, इंडोनेशिया-फिनलैंड को हराया

46वें शतरंज ओलंपियाड के दूसरे दौर में मौजूदा चैंपियन भारत की पुरुष और महिला टीमों ने जीत दर्ज की। पुरुष टीम ने इंडोनेशिया को 2.5-1.5 से हराया, जबकि महिला टीम ने फिनलैंड के खिलाफ 3.5-0.5 से मुकाबला अपने नाम किया। दोनों टीमों के खाते में अब चार-चार मैच अंक हैं और उन्होंने शीर्ष स्थान पर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है।
पुरुष टीम की जीत में निहाल सरीन लगातार दूसरे दिन निर्णायक साबित हुए। उन्होंने हाफिज आरिफ अब्दुल को शिकस्त दी। सफेद मोहरों से खेलते हुए निहाल को सिसिलियन डिफेंस का सामना करना पड़ा और एक समय उनका राजा खतरे में आ गया। हालांकि हाफिज इस मौके का फायदा नहीं उठा सके। इसके बाद निहाल ने स्थिति अपने पक्ष में करते हुए बाजी जल्द खत्म कर दी।
गुकेश और प्रज्ञानानंदा के मुकाबले ड्रॉ
मौजूदा विश्व चैंपियन डी गुकेश को सातरिया दुत चहाया ने ड्रॉ पर रोक दिया। इसके बावजूद भारत ने 2-1 की बढ़त बना ली। शीर्ष बोर्ड पर आर प्रज्ञानानंदा ने जीत के लिए लंबी कोशिश की, लेकिन सुसांतो मेगारांतो ने मजबूत डिफेंस के साथ उन्हें बराबरी पर रोक दिया। दोनों ने 79 चाल के बाद अंक बांटे। विदित संतोष गुजराती और नायका बुधिधर्मा की बाजी भी ड्रॉ रही। अन्य मुकाबलों में अमेरिका ने मंगोलिया को 2.5-1.5 से हराया, जबकि मेजबान उज्बेकिस्तान ने पेरू को 3.5-0.5 से मात दी।
महिला टीम का शानदार प्रदर्शन
महिला वर्ग में भारत ने शुरुआत से ही दबदबा कायम रखा। विश्व कप विजेता दिव्या देशमुख ने पहली बार ओलंपियाड में खेलते हुए दूसरे बोर्ड पर जोहाना पासिकांगास को हराकर जीत से आगाज किया। वंतिका अग्रवाल ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की। उन्होंने तीसरे बोर्ड पर सारा-ओलिविया सिप्पोला को शिकस्त दी। बी साविता श्री ने भी शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए हेल्जा लेहटिनेन को मात दी।
वैशाली ने ड्रॉ से पूरा किया स्कोर
भारत ने तीन बाजियां जीतकर 3-0 की बढ़त बना ली थी। इसके बाद आर वैशाली ने अनास्तासिया केनानेन के खिलाफ ड्रॉ खेला। इस नतीजे के साथ महिला टीम ने 3.5-0.5 से मुकाबला अपने नाम किया। मौजूदा चैंपियन दोनों भारतीय टीमें दूसरे दौर के बाद चार मैच अंकों के साथ मजबूत स्थिति में हैं।










