एशियन गेम्स में भारत की गोलों की बरसात: उज्बेकिस्तान को 19-0 से हराया, दीपिका ने अकेले दागे 8 गोल

भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियन गेम्स में अपने अभियान की धमाकेदार शुरुआत की। पूल बी के पहले मुकाबले में भारत ने उज्बेकिस्तान को 19-0 से हराया। मैच में दीपिका ने अकेले आठ गोल दागकर भारतीय आक्रमण की अगुआई की। भारत ने पहले हाफ में ही 8-0 की बढ़त बना ली थी और अंतिम दो क्वार्टर में 11 और गोल करते हुए मुकाबला एकतरफा कर दिया।
भारत ने शुरुआत से ही उज्बेकिस्तान पर दबाव बनाए रखा। लालरेम्सियामी ने सातवें मिनट में फील्ड गोल कर खाता खोला। इसके एक मिनट बाद दीपिका ने भारत की बढ़त दोगुनी कर दी। इशिका ने 11वें मिनट में गोल किया, जबकि बलजीत कौर ने 12वें मिनट में स्कोर 4-0 कर दिया। 18वें मिनट में नेहा ने फील्ड गोल किया। इसके बाद दीपिका ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर अपना दूसरा गोल किया। नवनीत कौर के गोल के बाद दीपिका ने फिर पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर पहले हाफ में भारत को 8-0 से आगे कर दिया।
दूसरे हाफ में भी नहीं थमा हमला
ब्रेक के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने आक्रामक रफ्तार कायम रखी। दीपिका ने 22वें, 25वें, 33वें, 36वें, 38वें, 41वें और 54वें मिनट में गोल किए और अपने गोलों की संख्या आठ तक पहुंचाई। इशिका ने 11वें, 42वें और 54वें मिनट में तीन गोल किए। नवनीत कौर ने 23वें और 45वें, जबकि लथंतलुआंगी ने 43वें और 51वें मिनट में गोल दागे। साक्षी राणा ने भी 43वें मिनट में स्कोर किया।
सविता पूनिया का 320वां अंतरराष्ट्रीय मैच
अनुभवी गोलकीपर सविता पूनिया के लिए भी यह मुकाबला खास रहा। उन्होंने अपना 320वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेला और वंदना कटारिया के साथ भारत की सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली महिला हॉकी खिलाड़ियों में शामिल हो गईं। उज्बेकिस्तान की टीम पूरे मुकाबले में भारतीय दबाव से बाहर नहीं निकल सकी और उसे एक भी गोल करने का मौका नहीं मिला। भारत अब पूल बी के अपने अगले मैच में सोमवार को इंडोनेशिया से भिड़ेगा।










