अभिषेक शर्मा की आंधी में उड़ा अफगानिस्तान: 127 रन की विशाल जीत से विपक्षी पस्त, क्लीन स्वीप के साथ सीरीज पर कब्जा

अभिषेक शर्मा ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अपनी बल्लेबाजी का ऐसा विस्फोटक अंदाज दिखाया कि अफगानिस्तान का गेंदबाजी आक्रमण पूरी तरह बेअसर नजर आया। उन्होंने महज 30 गेंदों में शतक पूरा कर नया भारतीय रिकॉर्ड बनाया और 34 गेंद में 108 रन की तूफानी पारी खेली। उनके बल्ले से 11 छक्के और नौ चौके निकले। अभिषेक के इस प्रदर्शन की बदौलत भारत ने तीसरे और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में अफगानिस्तान को 127 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 221 रन बनाए, लेकिन जवाब में अफगानिस्तान की पूरी टीम 14.1 ओवर में 94 रन पर ढेर हो गई। इस सीरीज में अफगानिस्तान की बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों अपेक्षा के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकीं। अब दोनों टीमें एशियाई खेलों के लिए रवाना होंगी।
भारत ने सीरीज में पहली बार पहले बल्लेबाजी की और इसका पूरा फायदा अभिषेक ने उठाया। उन्होंने शुरुआत से ही अफगानिस्तान के तेज गेंदबाजों और स्पिनरों पर दबाव बना दिया। पावरप्ले के छह ओवर में भारत ने बिना विकेट खोए 100 रन बना डाले, जो टी20 अंतरराष्ट्रीय में पहले छह ओवर में भारत का सबसे बड़ा स्कोर है। अभिषेक ने केवल 16 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद भी उनकी आक्रामक बल्लेबाजी जारी रही और नौवें ओवर में उन्होंने 30 गेंदों में शतक पूरा कर लिया। अब्दुल्ला अहमदजई की गेंद पर पुल शॉट से 99 रन पूरे करने के बाद उन्होंने अगली गेंद पर एक रन लेकर शतक पूरा किया। शतक के बाद अभिषेक ने बैठकर ध्यान लगाने वाली मुद्रा में जश्न मनाया और दर्शकों ने खड़े होकर उनकी पारी का स्वागत किया।
उमरजई और फारूकी की हुई धुनाई
अभिषेक ने अजमतुल्लाह उमरजई और फजलहक फारूकी के खिलाफ भी खुलकर रन बनाए। उमरजई के दूसरे ओवर में भारत ने 17 रन बटोरे, जबकि फारूकी के तीसरे ओवर में 23 रन आए। कप्तान इब्राहिम जदरान ने पावरप्ले के दौरान स्पिन गेंदबाजी का सहारा लिया, लेकिन अभिषेक की रफ्तार पर इसका भी असर नहीं पड़ा। मोहम्मद नबी के ओवर में संजू सैमसन ने लगातार दो सीधे छक्के लगाए। इसी ओवर में अभिषेक ने भी दो छक्के जड़े और कुल 29 रन आए। इस दौरान 22 रन के निजी स्कोर पर सैमसन को जीवनदान भी मिला। मिडऑफ पर जदरान उनका कैच नहीं पकड़ सके।
सैमसन ने भी जड़ा अर्धशतक
अभिषेक के तूफानी तेवरों के बीच संजू सैमसन को ज्यादा स्ट्राइक नहीं मिली, फिर भी उन्होंने 35 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। सैमसन ने 50 रन की पारी खेली और यह सीरीज में उनका लगातार दूसरा 50 से अधिक का स्कोर रहा। दोनों सलामी बल्लेबाजों के शानदार फॉर्म के बीच वैभव सूर्यवंशी को आने वाले मुकाबलों में अंतिम एकादश में जगह बनाने के लिए इंतजार करना पड़ सकता है। अभिषेक ने अपनी पारी में तेज गेंदबाजों और स्पिनरों के खिलाफ समान आक्रामकता दिखाई। हालांकि भारत आखिरी पांच ओवर में चार विकेट गंवाकर सिर्फ 37 रन बना सका और 250 रन के आंकड़े तक नहीं पहुंच पाया।
नीतिश और बिश्नोई ने लिए तीन विकेट
221 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान की शुरुआत ही खराब रही। भारत ने पहला ओवर ऑलराउंडर नीतिश कुमार रेड्डी को दिया। उन्होंने पहले ओवर में 15 रन खर्च किए, लेकिन बाद में तीन विकेट लेकर शानदार वापसी की। अक्षर पटेल ने चौथे ओवर में रहमानुल्लाह गुरबाज को 15 रन और सेदिकुल्लाह अटल को आउट कर अफगानिस्तान को दो झटके दिए। इसके बाद जसप्रीत बुमराह ने पांचवें ओवर में दार्विश रसूली के स्टंप उखाड़ दिए। अगले ही ओवर में यश ठाकुर ने कप्तान इब्राहिम जदरान को 25 रन पर आउट कर दिया। पावरप्ले खत्म होने तक अफगानिस्तान का स्कोर चार विकेट पर 47 रन था।
94 रन पर सिमटी अफगानिस्तान
पावरप्ले के बाद भी अफगानिस्तान की पारी संभल नहीं सकी। टीम ने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए और रन गति बढ़ाने में नाकाम रही। रवि बिश्नोई ने भी तीन विकेट लेकर निचले क्रम को समेटने में अहम भूमिका निभाई। आखिरकार अफगानिस्तान 14.1 ओवर में 94 रन पर ऑलआउट हो गया। भारत ने इस तरह 127 रन की बड़ी जीत दर्ज की। सीरीज पहले ही भारत के नाम हो चुकी थी, लेकिन अंतिम मुकाबले में अभिषेक की विस्फोटक बल्लेबाजी ने मैच को यादगार बना दिया। 30 गेंदों में शतक लगाने वाले अभिषेक अब इस प्रारूप में सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उनका 30 गेंदों में शतक किसी टेस्ट खेलने वाले देश के बल्लेबाज का दूसरे टेस्ट खेलने वाले देश के खिलाफ सबसे तेज शतक भी है। उन्होंने न्यूजीलैंड के फिन एलन का इसी साल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 33 गेंदों में शतक का रिकॉर्ड पीछे छोड़ा।










