भारत को पेस से डराएगा न्यूजीलैंड: टी-20 सीरीज के लिए सात घातक गेंदबाजों की एंट्री, 22 अक्टूबर से भिड़ेंगी दोनों टीमें

भारत के खिलाफ आगामी पांच मैचों की टी-20 सीरीज के लिए न्यूजीलैंड ने अपना पेस अटैक मजबूत किया है। 16 सदस्यीय टीम में सात प्रमुख तेज गेंदबाजों को जगह मिली है। फिट होकर लौटे 34 वर्षीय एडम मिल्ने भी टीम का हिस्सा हैं। मिचेल सैंटनर टीम की कप्तानी करेंगे। चार शहरों में 11 दिनों तक चलने वाली सीरीज का पहला मुकाबला 22 अक्टूबर को क्राइस्टचर्च के हेगली ओवल में खेला जाएगा।
न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड के अनुसार, इस साल के आईसीसी पुरुष टी-20 विश्व कप में भारत के बाद उपविजेता रही टीम के 13 खिलाड़ियों को घरेलू सीरीज के लिए बरकरार रखा गया है। तेज गेंदबाजी विभाग में मिल्ने के साथ लॉकी फर्ग्यूसन, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, जैकब डफी, जैक फाउल्क्स और नाथन स्मिथ शामिल हैं। टीम अपने घरेलू मैदान और परिस्थितियों का फायदा उठाने की कोशिश करेगी।
रचिन रविंद्र टी-20 सीरीज से बाहर
ऑलराउंडर रचिन रविंद्र कंधे की चोट के कारण इस सीरीज में नहीं खेलेंगे। हालांकि, चार नवंबर से शुरू होने वाली वनडे सीरीज के लिए उनकी वापसी की उम्मीद है। न्यूजीलैंड के मुख्य कोच रॉब वाल्टर ने कहा कि भारत एक बेहतरीन और चुनौतीपूर्ण प्रतिद्वंद्वी है। उन्होंने कहा कि कीवी प्रशंसकों के सामने अपनी परिस्थितियों में भारत का सामना करना रोमांचक होगा।
पांच मैचों का कार्यक्रम तय
न्यूजीलैंड की टीम में फिन एलन, मैट हेनरी, ग्लेन फिलिप्स, जैक फाउल्क्स, माइकल ब्रैसवेल, एडम मिल्ने, मिचेल सैंटनर (कप्तान), बेवन जैकब्स, जैकब डफी, डैरिल मिचेल, टिम सीफर्ट, मार्क चैपमैन, काइल जैमीसन, डेवोन कॉनवे, नाथन स्मिथ और लॉकी फर्ग्यूसन भी शामिल हैं। भारत दौरे पर न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच टी-20 मैच खेलेगा। पहला और दूसरा मैच 22 व 24 अक्टूबर को क्राइस्टचर्च, तीसरा 27 अक्टूबर को वेलिंगटन, चौथा 30 अक्टूबर को ऑकलैंड और पांचवां एक नवंबर को हैमिल्टन में होगा। इसके बाद दोनों टीमों के बीच पांच वनडे और दो टेस्ट मैच भी खेले जाएंगे।










