जनता दर्शन में सीएम ने सुनीं समस्याएं: जरूरतमंदों को मिलेगा मुफ्त इलाज और आवास, हर शिकायत का होगा त्वरित समाधान

उत्तरप्रदेश|8 घंटे पहले
जरूरतमंदों को मिलेगा मुफ्त इलाज और आवास, हर शिकायत का होगा त्वरित समाधान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान लगातार दूसरे दिन गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन आयोजित कर करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकार पात्र और जरूरतमंद लोगों को आवास उपलब्ध कराने के साथ गंभीर बीमारियों के इलाज में हरसंभव आर्थिक सहायता देगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निष्पक्ष, समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी नागरिक को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री स्वयं लोगों के बीच पहुंचे और एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने सभी प्रार्थना पत्र संबंधित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को सौंपते हुए निर्देश दिया कि प्रत्येक मामले का गंभीरता से परीक्षण कर त्वरित कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और जनसमस्याओं का प्रभावी समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों से लोगों की शिकायतों के प्रति संवेदनशील और जवाबदेह रवैया अपनाने को कहा।

आवास, इलाज और जमीन कब्जे के मामलों पर दिए निर्देश

जनता दर्शन के दौरान एक महिला ने रहने के लिए मकान न होने की जानकारी दी। इस पर मुख्यमंत्री ने उसे सरकारी योजना के तहत आवास उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। वहीं इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने पहुंचे लोगों को भरोसा दिलाया कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा। एम्स दिल्ली में इलाजरत महिला को मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता देने का आश्वासन दिया गया। वहीं, एक अन्य महिला के इलाज की व्यवस्था गोरखपुर एम्स या बीआरडी मेडिकल कॉलेज में कराने के निर्देश दिए गए। जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। जनता दर्शन में मौजूद बच्चों को मुख्यमंत्री ने चॉकलेट देकर आशीर्वाद दिया। उन्होंने अभिभावकों से उन्हें नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की।

गोवंश को गुड़-रोटी खिलाकर जताया स्नेह

गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता दर्शन में लोगों की समस्याएं सुनने के बाद मंदिर की गोशाला पहुंचकर गोसेवा की। उन्होंने गोवंश को अपने हाथों से गुड़-रोटी खिलाई, स्नेहपूर्वक दुलारा और गोशाला के कार्यकर्ताओं को पशुओं की समुचित देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

परंपरागत दिनचर्या का किया निर्वहन

मुख्यमंत्री ने सबसे पहले गोरखनाथ मंदिर में शिवावतार महायोगी गुरु गोरखनाथ के दर्शन-पूजन किए। इसके बाद उन्होंने अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। मंदिर परिसर का भ्रमण करते हुए वह गोशाला पहुंचे। जहां कुछ समय गोवंश के बीच बिताया। उन्होंने गायों के माथे पर स्नेह से हाथ फेरा, उन्हें थपकी दी और अपने हाथों से गुड़-रोटी खिलाई। इस दौरान गोशाला परिसर में विचरण कर रहे मोरों पर भी मुख्यमंत्री ने स्नेह जताया।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।