हिमाचल प्रदेश में 300 फीट गहरी खाई में गिरी कार: हादसे में चार की मौत, एक की हालत गंभीर

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के जनजातीय उपमंडल भरमौर में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। वहीं, एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। सामरा-उरेई लिंक रोड पर अनियंत्रित होकर कार करीब 300 फीट गहरी खाई में गिरते हुए नाले में जा पहुंची। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कार लूणा से वाया सामरा होकर रूहनुकोठी की ओर जा रही थी। सारणी का नाला के समीप चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद कार गहरी खाई में लुढ़कते हुए नाले में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से एक ने चंबा मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे का इलाज जारी है।
ग्रामीणों ने शुरू किया राहत अभियान
कार गिरने की तेज आवाज और चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला और उन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा भेजा। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। मृतकों में तीन महिलाएं और वाहन चालक शामिल हैं। मृतकों की पहचान रवि कांत (32) पुत्र मदन लाल निवासी रुहणू कोठी, चतरो देवी पत्नी पुन्नू राम, बसेरो देवी पत्नी गनीया राम और लता देवी पत्नी राजेंद्र कुमार सभी निवासी गांव उरेई तहसील भरमौर के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में राकेश कुमार पुत्र पुरुषोत्तम निवासी रुहणू कोठी घायल हुए हैं।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने बताया कि हादसे में चार लोगों की मौत हुई है। वहीं, एक घायल का इलाज जारी है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। हादसे के बाद पूरे भरमौर क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोग मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जता रहे हैं।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









