देवरिया में किशोरी की संदिग्ध मौत: कमरे में फंदे से लटकी मिली बॉडी, परिजनों ने प्रताड़ना का लगाया आरोप

सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित भटवलिया वार्ड नंबर-5 में एक 17 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। किशोरी की बॉडी घर के कमरे में पंखे की कुंडी से दुपट्टे के सहारे लटकी मिली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। जबकि क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है। परिजनों ने किशोरी को मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, भटवलिया निवासी केश्वर प्रसाद की पुत्री मुस्कान घर के एक कमरे में गई थी। काफी देर तक बाहर न आने पर परिजनों ने कमरे का दरवाजा खोला तो वह फंदे से लटकी मिली। परिजन तत्काल उसे महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थी युवती
मृतका के परिजनों का आरोप है कि मुस्कान पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थी। उनका कहना है कि एक युवक के परिवार द्वारा उसे लगातार अपमानित और प्रताड़ित किया जा रहा था। जिससे वह काफी परेशान रहने लगी थी। परिजनों का दावा है कि इसी मानसिक दबाव के कारण किशोरी ने यह कदम उठाया। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अभी तक इन आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। वहीं पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। सदर कोतवाली प्रभारी राकेश राय ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कराई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









