पेपर लीक को लेकर लखनऊ में प्रदर्शन: NSUI कार्यकर्ताओं और पुलिस में झड़प, बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश से बढ़ा तनाव

राजधानी लखनऊ में रविवार को पेपर लीक और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदर्शन कर रहे एनएसयूआई कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी झड़प हो गई। प्रदर्शन के दौरान एक कार्यकर्ता के बेहोश हो जाने से स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पुलिस की लाठी उसके सिर पर लगी। जिसके बाद वह अचानक गिर पड़ा। घायल कार्यकर्ता को उसके साथी तत्काल उपचार के लिए अस्पताल लेकर गए।
एनएसयूआई कार्यकर्ता जनभवन के घेराव के लिए कांग्रेस कार्यालय से मार्च निकालने की तैयारी में थे। प्रशासन ने संभावित विरोध प्रदर्शन को देखते हुए कांग्रेस कार्यालय के बाहर चार स्तरीय बैरिकेडिंग कर दी थी। जैसे ही कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग पार कर आगे बढ़ने का प्रयास किया। पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। कई कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और नारेबाजी करने लगे। जिससे मौके पर तनावपूर्ण माहौल बन गया।
सरकार पर साधा निशाना
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने केंद्र और राज्य सरकार पर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों से छात्रों का विश्वास टूट रहा है। सरकार इस समस्या को रोकने में विफल साबित हुई है। उन्होंने उत्तर प्रदेश और केंद्र सरकार के शिक्षा मंत्रियों से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की। जाखड़ ने यह भी आरोप लगाया कि प्रदर्शन को रोकने के लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों में एनएसयूआई और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को नजरबंद किया गया। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराने के अधिकार को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
कई जिलों में कार्यकर्ताओं को नजरबंद करने का आरोप
प्रदर्शन से पहले अमेठी यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष शुभम सिंह को उनके आवास पर नजरबंद किए जाने का मामला भी सामने आया। शुभम सिंह ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर दावा किया कि उन्हें छात्रों और युवाओं की आवाज उठाने से रोकने के लिए घर में ही सीमित कर दिया गया। एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष अनस रहमान ने कहा कि संगठन युवाओं और छात्रों के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई या रोक-टोक के बावजूद आंदोलन पीछे नहीं हटेगा। उनके अनुसार, प्रदेश भर से बड़ी संख्या में युवा लखनऊ पहुंचे हैं। छात्रों, बेरोजगारों तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के हित में अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं। फिलहाल क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









