घायल युवक ने इलाज के दौरान तोड़ा दम: दो बाइकों की टक्कर में हुआ था घायल, परिजनों में मचा कोहराम

बेलहर थाना क्षेत्र में पिछले सप्ताह हुई सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक का इलाज गोरखपुर स्थित बीआरडी मेडिकल कॉलेज में चल रहा था। जहां उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बेलहरकला थाना क्षेत्र के कुल्हाड़ियां गांव निवासी जुनैद पुत्र समसुद्दीन बीते सोमवार को अपनी मौसी के साथ मोटरसाइकिल से गुलहरिया, थाना मेंहदावल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गनवरिया-लोहरसन मार्ग पर सांथा के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी आमने-सामने भिड़ंत हो गई। दुर्घटना इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकों पर सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
बीआरडी मेडिकल कॉलेज में चल रहा था इलाज
हादसे के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया था। इनमें से दो घायलों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। जबकि जुनैद की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। वहां कई दिनों तक इलाज चलने के बाद उनकी मौत हो गई। बेलहर पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों मोटरसाइकिलों को पहले ही कब्जे में ले लिया था। थाना प्रभारी हरिकेश भारती ने बताया कि घायल जुनैद की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई है। पोस्टमॉर्टम और अन्य आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।











