संतकबीरनगर में पहलवान का मर्डर: आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर गिराया, लाठी-डंडों और हथियार से किया हमला

संतकबीरनगर|
आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर गिराया, लाठी-डंडों और हथियार से किया हमला

भगठान गोसाईपुर गांव में पहलवान की हमलावरों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। ब्रह्मानंद बाइक से गिठनी चोकर लेने जा रहे थे। घर से करीब 100 मीटर दूर पहुंचते ही 8-10 लोगों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने पहले उनकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया। इससे वह बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद हमलावरों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल ब्रह्मानंद को परिवार के लोग सीएचसी खलीलाबाद लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया। वहां ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। घटना जिला मुख्यालय से लगभग 10 किलोमीटर दूर हुई।

भगठान गोसाईपुर निवासी ब्रह्मानंद पुत्र दयाराम पहलवानी करते थे। परिवार के मुताबिक, वह बाइक से गिठनी चोकर लेने निकले थे। घर से थोड़ी दूर पहुंचते ही गांव के 8-10 लोगों ने उन्हें रोक लिया। उनके साथ बहस शुरू हुई। इसी दौरान आरोपियों ने उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया। आंखों में जलन के कारण वह बाइक से नीचे गिर गए। इसके बाद हमलावरों ने उन्हें संभलने का मौका नहीं दिया और लाठी-डंडों के साथ धारदार हथियार से हमला शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें अस्पताल ले गए, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।

सड़क पर शव रखकर किया जाम

ब्रह्मानंद 2018-19 में संतकबीर नगर के जिला केसरी रह चुके थे। परिवार में वह चार भाइयों में सबसे छोटे थे। बड़े भाई रमाकांत यादव ग्राम प्रधान हैं, जबकि श्रीकांत और रामानंद खेती करते हैं। ब्रह्मानंद की शादी 2017 में पूजा से हुई थी। उनके दो बच्चे हैं। बेटी जागृति चार साल की है, जबकि बेटा अंश छह साल का है। मौत की खबर के बाद परिवार और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। परिजन शव लेकर खलीलाबाद बाईपास पहुंचे और सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। सूचना पर एएसपी सुशील कुमार सिंह पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे। अधिकारियों से कार्रवाई का भरोसा मिलने के बाद परिवार और ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया। इसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग

ब्रह्मानंद के भाई रामानंद यादव ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनके भाई के पैर में गोली मारी थी, ताकि वह भाग न सकें। उन्होंने बताया कि भाई को बचाने के लिए जब वह मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उन्हें भी घेर लिया। पुलिस के पहुंचने के बाद वह वहां से निकल सके। रामानंद के मुताबिक, 18 मई को भी दोनों पक्षों के बीच रंजिश को लेकर मारपीट हुई थी। उस मामले में दोनों तरफ से क्रॉस केस दर्ज हुआ था। उन्होंने कहा कि परिवार ने मगहर पुलिस चौकी पर भी सूचना दी थी कि आरोपी घात लगाकर बैठे रहते हैं, लेकिन शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई। रामानंद ने आरोपियों के एनकाउंटर और उनके घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग की है।

प्रधानी और पट्टीदारी को लेकर थी पुरानी रंजिश

एसपी संदीप मीना ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच प्रधानी और पट्टीदारी को लेकर पुरानी रंजिश चल रही थी। घटना के संबंध में शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें लगाई गई हैं। पुलिस घटना के पीछे पुरानी रंजिश और वारदात में शामिल आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।