संतकबीरनगर में डिप्टी सीएम का सपा पर तीखा हमला: बोले- सपा ने बनाई 'कट्टा कॉपरेटिव सोसाइटी, युवाओं को सप्लाई किए कट्टे

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक बुधवार को संतकबीरनगर पहुंचे। उन्होंने धनघटा विधानसभा क्षेत्र के शिवबखरी में निर्माणाधीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का निरीक्षण किया। तय कार्यक्रम के मुताबिक दोपहर करीब दो बजे वह गांव में बनाए गए हेलीपैड पर पहुंचे। इसके बाद अस्पताल भवन के निर्माण कार्य का जायजा लिया। पाठक ने इसी साल दिसंबर तक अस्पताल का संचालन शुरू होने का आश्वासन दिया।
जनसभा को संबोधित करते हुए पाठक ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा ने प्रदेश में ‘कट्टा कॉपरेटिव सोसाइटी’ बनाकर युवाओं को कट्टे सप्लाई किए। उन्होंने कहा कि अब वह दौर बदल चुका है। पाठक ने अपने संबोधन में सपा सरकार के कार्यकाल और मौजूदा सरकार के विकास कार्यों की तुलना भी की।
अयोध्या के विकास को लेकर उठाए सवाल
पाठक ने कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव अयोध्या, काशी और मथुरा के विकास को लेकर लगातार सवाल उठाते हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में चार बार सपा की सरकार रहने के बावजूद अयोध्या विकास के लिए तरसती रही। उनके मुताबिक मौजूदा सरकार अयोध्या को वर्ल्ड हेरिटेज के रूप में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है।
परिक्रमा मार्ग पर प्रतिबंध का दावा
उपमुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान चौदह कोसी परिक्रमा मार्ग पर भी प्रतिबंध लगाया गया था। उन्होंने कहा कि सपा का सनातन संस्कृति से कोई लेना-देना नहीं है। पाठक ने आरोप लगाया कि पार्टी मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति के आधार पर सनातन संस्कृति पर सवाल उठाती रही और अयोध्या के विकास में बाधा डालती रही।










