संतकबीरनगर में कोचिंग से लौट रहे छात्रों की बाइक रोकी: मारपीट के बाद हवा में की फायरिंग, हिरासत में एक युवक

संतकबीरनगर|1 घंटा पहले
मारपीट के बाद हवा में की फायरिंग, हिरासत में एक युवक

खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह कोचिंग से लौट रहे 10वीं के दो छात्रों को रास्ते में रोककर पीटा गया। आरोप है कि तीन बाइकों पर सवार छह युवकों ने छात्रों की बाइक रोककर उनके साथ मारपीट की। इस दौरान आसपास के लोग छात्रों को बचाने के लिए पहुंचे तो आरोपियों में से एक ने पिस्टल निकालकर हवा में फायर कर दिया। गोली चलने की आवाज से मौके पर भगदड़ मच गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

राजपुर सरैया गांव निवासी 10वीं के छात्र रमन यादव सोमवार सुबह करीब छह बजे अपने दोस्त हरिओम गौतम के साथ कांटे स्थित कोचिंग सेंटर गए थे। दोनों करीब सवा सात बजे पढ़ाई पूरी करने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। कांटे गांव से कुछ दूरी पर पहुंचते ही तीन बाइकों पर सवार छह युवकों ने उनकी बाइक रोक ली। बताया जा रहा है कि सभी युवकों ने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे। बाइक रुकते ही उन्होंने दोनों छात्रों के साथ मारपीट शुरू कर दी।

लोगों को आता देख युवक ने चलाई गोली

अचानक हुए हमले से दोनों छात्र घबरा गए। आसपास मौजूद लोग जब उन्हें बचाने के लिए मौके पर पहुंचने लगे तो आरोपियों में से एक युवक ने पिस्टल निकाल ली। जानकारी के अनुसार, युवक ने हवा में फायर कर दिया। गोली चलने की आवाज सुनते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और लोग सुरक्षित जगह की ओर भागने लगे। फायरिंग के बाद आरोपी मौके से भागने लगे।

वायरल वीडियो से पुलिस ने शुरू की जांच

इसी दौरान छात्रों और ग्रामीणों ने भाग रहे एक युवक को पकड़ लिया। सूचना मिलने पर कांटे चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और मौके से मिली जानकारी के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस अन्य आरोपियों की भूमिका और घटना में इस्तेमाल हथियार के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।