संतकबीरनगर में मुठभेड़ के बाद गोकशी आरोपी अरेस्ट: दो पुलिसकर्मी किए गए सस्पेंड, रात में छप्पर से गायब हुआ था बछड़ा

धनघटा थाना क्षेत्र में गोकशी की सूचना के बाद फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। खटकरा (मैली) गांव में बीते गुरुवार को एक छप्पर से हड्डी और मांस के टुकड़े मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। सूचना पर एडिशनल एसपी, एसडीएम और सीओ धनघटा मौके पर पहुंचे थे। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया था, जबकि दो अन्य के फरार होने की बात सामने आई थी। इसी मामले में लापरवाही बरतने पर एसपी संदीप कुमार मीना ने एक उपनिरीक्षक और एक आरक्षी को निलंबित कर दिया।
खटकरा (मैली) निवासी अजय चौहान ने गांव के बाहर पशुओं के लिए छप्पर बना रखा है। पशुओं की रखवाली के लिए रात में उनकी दादी और बहन वहीं रहती हैं। बुधवार-गुरुवार की रात छप्पर से एक बछड़ा अचानक गायब हो गया। सुबह परिवार को इसकी जानकारी हुई तो आसपास के इलाके में काफी तलाश की गई, लेकिन बछड़े का पता नहीं चला। इसके बाद परिवार के लोगों ने घटना की जानकारी जुटानी शुरू की।
बहन को घर में दिखे मांस के टुकड़े
गुरुवार सुबह अजय की बहन पास के जहूर पुत्र गेना के घर मोबाइल चार्ज करने गई थी। इसी दौरान उसे घर के अंदर हड्डी और मांस के टुकड़े दिखाई दिए। यह देखकर उसे संदेह हुआ और उसने तत्काल परिवार के लोगों को इसकी जानकारी दी। कुछ ही देर में मामले की जानकारी गांव और आसपास के क्षेत्र में फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। बरामद हड्डी और मांस के टुकड़े किस पशु के हैं, इसकी पुष्टि जांच और परीक्षण के बाद ही होने की बात कही गई थी।
लापरवाही में उपनिरीक्षक और आरक्षी पर कार्रवाई
घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठे। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी संदीप कुमार मीना ने ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में उपनिरीक्षक वीर बहादुर यादव और आरक्षी प्रवीण कुमार को निलंबित कर दिया। दोनों को पुलिस लाइन से संबद्ध किया गया है। अधिकारियों ने संबंधित पुलिसकर्मियों की भूमिका और ड्यूटी के दौरान बरती गई लापरवाही की जांच की। शुरुआती जांच में कर्तव्य के प्रति लापरवाही सामने आने के बाद दोनों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।










