संतकबीरनगर में अज्ञात वाहन ने भाई-बहन को कुचला: हादसे में युवक की मौत, बहन संग जा रहा था प्लॉट पर

जिले में नेशनल हाईवे पर हुए हादसे में नीट की तैयारी कर रहे युवक की मौत हो गई। नेदुला चौराहे के पास अज्ञात वाहन ने स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार आयुष यादव की जान चली गई, जबकि उसकी बहन आयुषी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसका गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।
धनघटा थाना क्षेत्र के गाई बसंतपुर निवासी आयुष यादव परिवार के साथ खलीलाबाद शहर के बाईपास स्थित किराए के मकान में रहता था। वह लखनऊ में रहकर नीट की तैयारी कर रहा था और करीब चार दिन पहले ही घर लौटा था। सोमवार रात खाना खाने के बाद वह बहन आयुषी के साथ स्कूटी से सेंट थॉमस स्कूल के सामने स्थित अपने प्लॉट की ओर निकला था। करीब देर रात नेदुला चौराहे के पास पीछे से आए अज्ञात वाहन ने स्कूटी में टक्कर मार दी।
घायल बहन का हो रहा इलाज
टक्कर के बाद आयुष सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। आयुषी को भी चोटें आईं। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस की मदद से दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने आयुष को मृत घोषित कर दिया। आयुषी की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। परिजन उसे लेकर गोरखपुर पहुंचे, जहां उसका उपचार चल रहा है।
परिवार का इकलौता बेटा था आयुष
आयुष परिवार का इकलौता बेटा था। उसके पिता सदानंद यादव उत्तर प्रदेश पुलिस में कार्यरत हैं और वर्तमान में देवरिया में तैनात हैं। बेटे की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया। मंगलवार को पोस्टमार्टम हाउस पर परिजनों और परिचितों की भीड़ जुटी रही। अचानक हुई मौत से सभी का रो-रोकर बुरा हाल था।
वाहन चालक फरार
पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों के मुताबिक, फुटेज के जरिए टक्कर मारने वाले वाहन और चालक की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। वाहन की पहचान होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।










