संतकबीरनगर में युवक की चाकू मारकर हत्या: बचाने आई पत्नी भी हुई घायल, पड़ोसी से चल रहा था विवाद

बेलहर कला थाना क्षेत्र के जंगल दशहर गांव में पुरानी रंजिश में युवक की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी पत्नी भी हमले में घायल हो गई। राजू सुबह ही मुंबई से घर लौटा था। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
जंगल दशहर निवासी राजू कन्नौजिया रामनरायन का बेटा था और मुंबई में मजदूरी करता था। मंगलवार रात करीब नौ बजे उसका गांव के ही एक पड़ोसी से सामना हो गया। दोनों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया। आरोप है कि पड़ोसी ने चाकू निकालकर राजू पर कई वार कर दिए।
घायल को अस्पताल लेकर पहुंचे ग्रामीण
राजू पर हमला होते देखकर चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर उसकी पत्नी मंजू मौके पर पहुंची और बीच-बचाव करने का प्रयास किया। आरोप है कि हमलावर ने उसे धक्का देकर घायल कर दिया। गंभीर हालत में ग्रामीण राजू को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेंहदावल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही बेलहर कला पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में एडिशनल एसपी सुशील कुमार सिंह ने अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए बेलहर कला थाने के अलावा दो अन्य थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई है। थाना प्रभारी सर्वेश कुमार ने बताया कि शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया जाएगा। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं।










