फ्लाइट से लखनऊ जाएंगे जेवर के 170 किसान: सीएम योगी आदित्यनाथ से होगी खास मुलाकात, विकास यात्रा के साक्षी बनेंगे अन्नदाता

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट परियोजना में अपनी भूमि देकर विकास की नई इबारत लिखने वाले किसानों के लिए सोमवार का दिन ऐतिहासिक बनने जा रहा है। जेवर क्षेत्र के 170 किसान पहली बार नोएडा से लखनऊ के लिए विमान यात्रा करेंगे। जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह इन किसानों को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कराएंगे। यह पहल उन किसानों के सम्मान और योगदान को रेखांकित करने के उद्देश्य से की जा रही है। जिन्होंने एयरपोर्ट निर्माण के लिए अपनी भूमि उपलब्ध कराई और प्रदेश की सबसे महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में अहम भूमिका निभाई।
लखनऊ और नोएडा के बीच हवाई सेवा की शुरुआत 15 जून से होने जा रही है। इसके तहत इंडिगो की पहली उड़ान के माध्यम से किसान लखनऊ पहुंचेंगे। नियमित परिचालन एक जुलाई 2026 से शुरू होगा। जिससे दोनों शहरों के बीच यात्रा का समय घटकर लगभग एक घंटे का रह जाएगा। यह सेवा प्रदेश की कनेक्टिविटी को नई गति देने के साथ-साथ औद्योगिक और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देगी। विधायक धीरेंद्र सिंह ने बताया कि 180 सीटों वाले विमान में अधिकांश सीटें उन किसानों के लिए आरक्षित की गई हैं। जिन्होंने एयरपोर्ट परियोजना के लिए अपनी जमीन दी थी। लखनऊ पहुंचने पर किसानों का औपचारिक स्वागत किया जाएगा। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ एक विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिसमें प्रदेश के विकास, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की प्रगति और क्षेत्र की भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा होगी।
किसानों के योगदान को मिलेगा सम्मान
धीरेंद्र सिंह ने कहा कि एयरपोर्ट निर्माण में स्थानीय किसानों का सहयोग और त्याग अभूतपूर्व रहा है। उनकी सहमति और सहभागिता के बिना यह परियोजना साकार नहीं हो सकती थी। उन्होंने बताया कि किसानों को इस ऐतिहासिक उपलब्धि का प्रत्यक्ष अनुभव कराने की योजना लंबे समय से बनाई जा रही थी। जिसे अब मूर्त रूप दिया जा रहा है।
हवाई सेवा से बढ़ेगी कनेक्टिविटी
इंडिगो की उड़ान संख्या 6E-2278 सुबह 7:05 बजे लखनऊ से रवाना होकर 8:05 बजे नोएडा पहुंचेगी। वहीं वापसी की उड़ान 6E-2279 शाम 6:55 बजे नोएडा से उड़ान भरकर रात 8:00 बजे लखनऊ पहुंचेगी। एयरलाइन की वेबसाइट के अनुसार पहले दिन लखनऊ से नोएडा का किराया 12 हजार रुपये से अधिक निर्धारित किया गया है। जबकि वापसी यात्रा का किराया अपेक्षाकृत कम रखा गया है। यह पहल केवल हवाई सेवा की शुरुआत नहीं है। उन किसानों के सम्मान का प्रतीक भी है। जिनके योगदान से प्रदेश की सबसे बड़ी आधारभूत संरचना परियोजनाओं में से एक साकार हो रही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









