CM योगी ने टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता पर दिया जोर: जनप्रतिनिधियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा की, अधिकारियों को दिए निर्देश

उत्तरप्रदेश|2 घंटे पहले
जनप्रतिनिधियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा की, अधिकारियों को दिए निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखपुर प्रवास के दौरान लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की समीक्षा बैठक में विकास परियोजनाओं की प्रगति, टेंडर प्रक्रिया की पारदर्शिता और सड़क निर्माण कार्यों की प्राथमिकताओं पर विस्तार से चर्चा की। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अत्यधिक कम दरों पर टेंडर डालकर परियोजनाओं को प्रभावित करने वाले ठेकेदारों की पहचान कर उनके कार्यों की समीक्षा की जाए तथा आवश्यक होने पर उन्हें ब्लैकलिस्ट किया जाए।

बैठक की शुरुआत में मुख्यमंत्री ने सांसद रविकिशन को लेकर हल्के अंदाज में टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि “रविकिशन तो सारा प्रस्ताव विजय दुबे को दे आए हैं।” मुख्यमंत्री की इस टिप्पणी पर बैठक कक्ष में मौजूद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच मुस्कान और हल्का ठहाका देखने को मिला। हालांकि इसके बाद बैठक गंभीर चर्चा के साथ आगे बढ़ी।

टेंडर प्रक्रिया में अनियमितताओं पर सख्त रुख

मुख्यमंत्री ने कहा कि 20 प्रतिशत से अधिक ‘बिलो टेंडर’ डालकर परियोजनाओं को प्रभावित करने वाले ठेकेदारों की विस्तृत जांच की जाए। उन्होंने टेंडर प्रक्रिया को लेकर झूठी या भ्रामक शिकायतें करने वालों पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान बलिया-बांसडीह मार्ग समेत कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट भी तलब की गई।

जनप्रतिनिधियों से लिया गया विकास कार्यों का फीडबैक

बैठक में गोरखपुर और आजमगढ़ मंडल के सांसदों एवं विधायकों द्वारा प्रस्तुत विकास प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए उपलब्ध बजट और प्रस्तावित परियोजनाओं की प्राथमिकता तय की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्वीकृत परियोजनाओं पर जल्द से जल्द कार्य प्रारंभ कराया जाए। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया कि बैठक में क्षेत्रीय सड़क नेटवर्क को मजबूत बनाने, नई सड़कों के निर्माण और लंबित परियोजनाओं को गति देने पर विशेष फोकस किया गया। वहीं नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी ने बताया कि उन्होंने अपने क्षेत्र के लिए तीन प्रमुख सड़क परियोजनाओं सहित कई अन्य विकास कार्यों के प्रस्ताव प्रस्तुत किए हैं।

सांसद रविकिशन ने बताया ऐतिहासिक दिन

बैठक के बाद सांसद रविकिशन ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के लिए यह दिन बेहद महत्वपूर्ण रहा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनहित से जुड़े प्रस्तावों के क्रियान्वयन से प्रदेश के विकास को नई गति मिलेगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।